बांग्लादेश में पूर्व मंत्री मोनी और अवामी लीग नेता नंदी का घर फूंका

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेश में पूर्व मंत्री मोनी और अवामी लीग नेता नंदी का घर फूंका


बांग्लादेश में पूर्व मंत्री मोनी और अवामी लीग नेता नंदी का घर फूंका


ढाका (बांग्लादेश), 19 नवंबर (हि.स.)। देश के चटगांव डिवीजन के चांदपुर में बुधवार रात अज्ञात हमलावरों ने पूर्व शिक्षामंत्री डॉ. दीपू मोनी और अवामी लीग के आयोजन सचिव सुजीत रॉय नंदी के घरों में आग लगा दी। आधे घंटे के भीतर हुई इन घटनाओं में अवामी लीग के दो वरिष्ठ नेताओं की संपत्तियों को निशाना बनाया गया।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 9 बजे हमलावर कथित तौर पर शहर के नतून बाजार इलाके में कदमतला मार्केट स्थित दीपू मोनी के खाली पड़े तीसरे मंजिल के घर में घुस गए और वहां आग लगा दी। इमारत में रहने वालों और पड़ोसियों ने पानी डालकर आग बुझाई। पांचवीं मंजिल पर रहने वाले वकील गाजी दलाल ने बताया कि आग लगने से वहां रहने वालों में दहशत फैल गई।

उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2024 को हुई आगजनी की घटना में यह अपार्टमेंट पहले ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और बुधवार को लगी आग से मुख्य रूप से बचा-खुचा मलबा ही प्रभावित हुआ। चांदपुर मॉडल थाना प्रभारी फायेज अहमद ने कहा कि उन्हें इस घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है, लेकिन वे इसकी जांच करेंगे।

रात करीब 9:30 बजे, हमलावरों के एक अन्य समूह ने चांदपुर सदर उपजिला के फरक्काबाद गांव में सुजीत रॉय नंदी के दो मंजिला घर में आग लगा दी। बालिया यूनियन परिषद के वार्ड 7 के सदस्य दीपू ने बताया कि हमलावर 40-50 मोटरसाइकिलों पर आए और उन्होंने घर में आग लगा दी।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन पूरा घर जलकर खाक हो गया। रात करीब 11:15 बजे दमकलकर्मी पहुंचे, तब तक आग से ज्यादातर संपत्ति नष्ट हो चुकी थी। चांदपुर फायर सर्विस के अधिकारी मो. अब्दुल्ला ने बताया कि जब दमकलकर्मी पहुंचे, तब तक ज्यादातर फर्नीचर जलकर नष्ट हो चुका था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779498 Articles

Share this story