बांग्लादेश में पत्रकार की गोलीमार की हत्या

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेश में पत्रकार की गोलीमार की हत्या


ढाका (बांग्लादेश), 16 अक्टूबर (हि.स.)। बांग्लादेश में नेत्रकोना के दुर्गापुर उपजिला में पत्रकार की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। उन्हें गुरुवार रात करीब 8:15 बजे कोलमाकांडा नगरपालिका के श्यामगंज-बिरिशिरी रोड पर स्थित उत्रैल बाजार में गोली मारी गई। पुलिस ने इसकी पुष्टि की।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने कहा कि आईपीटीवी मीडिया के समाचार चैनल 'रूपोशी बांग्ला' के नेत्रकोना संवाददाता लुत्फुज्जमान अलीफ फकीर की हत्या की जांच की जा रही है। उनका फेसबुक पेज 'डिटेक्टिव आर्टिकल' चर्चित था। वह इस पेज पर अनियमितताओं और अपराध के बारे में लिखते थे।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, अलीफ एक दुकान पर बैठे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग वहां आए और उन पर कई गोलियां चलाईं। इसके बाद हत्यारे फरार हो गए। स्थानीय लोग उन्हें तुरंत उपजिला स्वास्थ्य परिसर ले गए। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दुर्गापुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी खांडकर शाकर अहमद खान ने बताया कि अलीफ के सिर, गर्दन और छाती पर गोली लगने के पांच निशान मिले हैं।

नेत्रकोना के पुलिस अधीक्षक मो. तारिकुल इस्लाम ने कहा कि यह एक सुनियोजित हत्या है। उन्होंने बताया कि पुलिस इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई कर रही है।

अलीफ का पैतृक घर कोलमाकांडा उपजिला के पोगला यूनियन के सुनाई गांव में है। पिछले साल 10 नवंबर को भी इसी उपजिला में सोमेश्वरी नदी के टेरीबाजार फेरी घाट के पास उन पर हमला किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761681 Articles

Share this story