बांग्लादेश में अवामी लीग नेता का घर फूंका, बस आग के हवाले, पुलिस से झड़प, पथराव

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेश में अवामी लीग नेता का घर फूंका, बस आग के हवाले, पुलिस से झड़प, पथराव


बांग्लादेश में अवामी लीग नेता का घर फूंका, बस आग के हवाले, पुलिस से झड़प, पथराव


बांग्लादेश में अवामी लीग नेता का घर फूंका, बस आग के हवाले, पुलिस से झड़प, पथराव


बांग्लादेश में अवामी लीग नेता का घर फूंका, बस आग के हवाले, पुलिस से झड़प, पथराव


ढाका (बांग्लादेश), 29 नवंबर (हि.स.)। बांग्लादेश अवामी लीग की अध्यक्ष और अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के स्वदेश लौटने की घोषणा के बाद समूचा देश राजनीतिक अस्थिरता के बीच हो रही हिंसा की लपटों से घिरा हुआ है। शनिवार और रविवार दरमियानी रात देश के कई हिस्सों में जमकर बवाल हुआ। नेत्रकोणा में जुबो दल नेता पर हमले के बाद अवामी लीग के पूर्व सांसद अहमद हुसैन के घर को फूंक दिया गया। कोमिला के चौदाग्राम उपजिला में ढाका-चट्टोग्राम राजमार्ग पर अवामी लीग के कार्यकर्ताओं की पुलिस, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और जमात-ए-इस्लामी के कार्यकर्ताओं के साथ तीखी झड़प हुई है। राजधानी ढाका के दैनिक बांग्ला चौराहे पर उपद्रवियों ने एक सरकारी बस को आग के हवाले कर दिया।

द डेली स्टार और ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, रात को नेत्रकोणा के पुरबाधला उपजिला में अवामी लीग के केंद्रीय आयोजन सचिव और पूर्व सांसद अहमद हुसैन के गांव वाले घर में आग लगा दी गई। यह घटना जुबो दल के एक नेता पर हुए हमले के बाद हुई। इस नेता पर धारदार हथियार से हमला किया गया। यह हिंसा शनिवार रात 8:00 बजे से देररात तक बीच कई चरणों में हुई।

पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, अहमद हुसैन के घर में आग लगाने से पहले जुबो लीग के एक नेता के घर में भी आग लगा दी गई थी। पुरबाधला थाना प्रभारी अब्दुल्ला अल मामून ने बताया कि अवामी लीग और जुबो लीग के कुछ नेताओं, कार्यकर्ताओं और छात्र लीग के सदस्यों ने रात करीब 8:00 बजे जुलूस निकालने की कोशिश की थी। पुलिस को देखकर वे पुतिका बाजार की ओर भाग गए। वहां उन्हें जुबो दल का नेता राणा अकेला मिला। उन्होंने उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया।

उन्होंने बताया कि हमले के बाद भीड़ ने जुबो लीग के नेता रफीक के घर में आग लगा दी थी। इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। कुछ देर बाद भीड़ ने पूर्व सांसद अहमद हुसैन के घर में आग लगा दी। अहमद हुसैन के भतीजे मिजानुर रहमान ने आरोप लगाया कि बीएनपी और उनके सहयोगी संगठनों ने यह हमला किया। पुरबाधला उपजिला बीएनपी कसंयोजक अबू ताहिर तालुकदार ने कहा कि वह ढाका में हैं और उन्हें नहीं पता कि आगजनी में कौन शामिल है।

इस दौरान कोमिला के चौदाग्राम उपजिला में ढाका-चट्टोग्राम राजमार्ग पर अवामी लीग के कार्यकर्ताओं की पुलिस, बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के कार्यकर्ताओं के साथ झड़प हो गई। हिंसा के दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। राजमार्ग पर पेड़ों की टहनियां रख दी गईं। टायरों में आग लगा दी गई, जिससे दोनों तरफ यातायात रुक गया और घंटों झड़पें होती रहीं। रात लगभग 10:45 बजे अवामी लीग और उसके सहयोगी संगठनों ने प्रशिक्षण केंद्र क्षेत्र से चौदाग्राम बाजार तक जुलूस निकाला। इसके बाद देररात बवाल हुआ। समूहों के बीच झड़पें और हाथापाई शुरू हो गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस छोड़ी। रात करीब 11:45 बजे तक झड़पें होती रहीं।

चौदाग्राम उपजिला बीएनपी के आयोजन सचिव मोहम्मद गियासुद्दीन ने कहा कि अवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। राजमार्ग पर अव्यवस्था पैदा की और वाहनों में तोड़फोड़ की। उपजिला जमात अमीर मोहम्मद महफूजुर रहमान ने कहा कि जमात कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पुलिस के साथ शामिल हो गए और नाकाबंदी में भाग लेने वालों का पीछा किया। चौड्डाग्राम थाना प्रभारी मोहम्मद आरिफ हुसैन ने कहा कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस छोड़ी और बाद में यातायात बहाल कर दिया।

हिंसा की लपटों से राजधानी ढाका भी सुलगती रही। शनिवार रात राजधानी के दैनिक बांग्ला चौराहे पर उपद्रवियों ने 'नंबर 8 परिवहन' की एक बस में आग लगा दी। यह घटना रात करीब 11:30 बजे से 12ः30 बजे के बीच हुई। इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पलटन मॉडल थाना के इंस्पेक्टर शरीफुल इस्लाम ने इसकी पुष्टि की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785067 Articles

Share this story