बांग्लादेश में दुर्गा पंडालों की सुरक्षा का जिम्मा बीजीबी को

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेश में दुर्गा पंडालों की सुरक्षा का जिम्मा बीजीबी को


बांग्लादेश में दुर्गा पंडालों की सुरक्षा का जिम्मा बीजीबी को


ढाका (बांग्लादेश), 13 अक्टूबर (हि.स.)। देश में हिंदू समुदाय के सबसे बड़े त्योहार शारदीय नवरात्रि पर दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा के लिए 16 से 22 अक्टूबर तक बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के लगभग 10,000 जवानों को तैनात किया जाएगा। बीजीबी मुख्यालय में लेफ्टिनेंट कर्नल मोहम्मद महबूब मुर्शिद रहमान ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पूजा आयोजन समितियों के तालमेल स्थापित किया गया है। बीजीबी के यह जवान सीमा और बटालियन मुख्यालय के पास सजने वाले 2,727 पंडालों की सुरक्षा करेंगे।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, लेफ्टिनेंट कर्नल रहमान ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की गई है। इस दौरान जवान नियमित गश्त करेंगे। खुफिया एजेंसियां पंडालों की निगरानी करेंगी। बीजीपी ने स्थानीय प्रशासन, पुलिस और पूजा आयोजन समितियों के साथ समन्वय स्थापित किया है।

उन्होंने कहा, संभावित खतरों की जल्द पहचान, अफवाहों और सांप्रदायिक भड़काऊ गतिविधियों के प्रति सतर्कता और किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत कार्रवाई को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि बीजीबी 2,727 पूजा पंडालों को सुरक्षा सहायता प्रदान करेगा। इनमें सीमा से आठ किलोमीटर के दायरे में और बटालियन मुख्यालय के पास स्थित पंडाल भी शामिल हैं।दूरदराज और दुर्गम इलाकों में गहन गश्त और सहायता सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक स्थानों पर अस्थायी सुरक्षा शिविर भी लगाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस योजना में ढाका के बारे में अभी कोई निर्णय नहीं किया गया है। सरकार से जिस तरह के निर्देश मिलेंगे, उस पर अमल किया जाएगा। लेफ्टिनेंट कर्नल ने दुर्गा पूजा को बांग्लादेश की सांप्रदायिक सद्भाव और आपसी सम्मान की लंबे समय से चली आ रही परंपरा का प्रतीक बताते हुए कहा कि बीजीबी यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है कि हिंदू समुदाय के लोग सुरक्षित और खुशी-खुशी इस त्योहार को मना सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759809 Articles

Share this story