बांग्लादेश के कारोबारी दहशत में, रंगदारी न मिलने पर अपराधी कर रहे खूनखराबा

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेश के कारोबारी दहशत में, रंगदारी न मिलने पर अपराधी कर रहे खूनखराबा


बांग्लादेश के कारोबारी दहशत में, रंगदारी न मिलने पर अपराधी कर रहे खूनखराबा


ढाका (बांग्लादेश), 17 नवंबर (हि.स.)। बांग्लादेश के व्यापारी दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं। अपराधी रंगदारी न मिलने पर खूनखराबा कर रहे हैं। रविवार को भी राजधानी ढाका के कुछ और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया। मोहम्मदपुर और हजारीबाग में 'एजेआर कूरियर सर्विस' के वाहनों और एक गोदाम पर हमला किया गया। रामपुरा में एक इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर के दफ्तर में दो लोगों को गोली मार दी गई। पुलिस और अन्य कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने राजधानी में 545 रंगदारों और अपराधियों की सूची के आधार पर धरपकड़ तेज कर दी है। फिर भी सवाल उठ रहे हैं कि गिरफ्तारियों के बावजूद रंगदारों का हथियारों के दम पर दबदबा क्यों खत्म नहीं हो रहा है?

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे का समय रहा होगा। राजधानी में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर डिसीजेज के सामने और श्यामोली की ओर जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे स्थित अनुराग फार्मेसी में कर्मचारी मोइनउद्दीन ग्राहकों को सेवा दे रहे थे। अचानक, गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही गोलियों का दूसरा दौर चला। गोलियां फार्मेसी के शीशे को तोड़ते हुए मोइनउद्दीन के सिर के ऊपर से निकल गईं। वह बाल-बाल बच गए।

आरोप है कि शूटर बादल और शूटर पप्पू नाम के दो अपराधियों ने फार्मेसी के मालिक से 50 लाख टका की रंगदारी मांगी थी। पैसे न मिलने पर उन्होंने पहले दो देसी बम फेंके। इसके बाद उन्होंने सीधे फायरिंग कर दी। सिर्फ अनुराग फार्मेसी ही नहीं, बल्कि राजधानी के कई हिस्सों में रंगदारी की मांग को लेकर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर फायरिंग, हमले, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हो रही हैं। रविवार को मोहम्मदपुर और हजारीबाग में एजेआर कूरियर सर्विस के वाहनों और एक गोदाम पर हमला किया गया। उसी शाम रामपुरा में एक इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर के दफ्तर में दो लोगों को गोली मार दी गई।

एक के बाद एक हो रही इन घटनाओं से कारोबारियों के बीच चिंता बढ़ रही है। आरोप है कि अपराधी पहले फोन पर कारोबारियों को धमकी देकर उनसे रंगदारी मांगते हैं। अगर उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तो वे खूनखराबा करदहशत फैलाते हैं। ऐसे हालात में, कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने राजधानी में 545 रंगदारी वसूलने वालों और अपराधियों की एक सूची के आधार पर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।

अनुराग फार्मेसी के एक रेस्तरां और एक सुपरशॉप को भी निशाना बनाया गया है। इन प्रतिष्ठानों के मालिक सैयद हसन नूर इस्लाम हैं। वे पूर्व पार्षद और अवामी लीग के नेता के रूप में जाने जाते हैं। पता चला है कि 5 अगस्त, 2024 को हुए राजनीतिक बदलाव के बाद से वे देश से बाहर हैं। सूत्रों के अनुसार मोहम्मदपुर इलाके के दो अपराधियों बादल और पप्पू ने हाल ही में उनसे 50 लाख टका की रंगदारी मांगी थी। पैसे न मिलने पर उन्होंने बम और गोली चलाकर दहशत फैलाई। पुलिस ने बताया कि फार्मेसी में हुई गोलीबारी के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हमले में शामिल अन्य लोगों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

राजधानी के रामपुरा और हातिरझील इलाकों में रंगदारी मांगने के आरोपों को लेकर गुजा बादशाह नाम का एक अपराधी चर्चा में है। उसे मारे जा चुके अपराधी कैल्ला पलाश का करीबी सहयोगी माना जाता है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार इस साल जून में गोलीबारी में कैल्ला पलाश के मारे जाने के बाद से इलाके में गुजा बादशाह का प्रभाव बढ़ गया है। इससे पहले, अप्रैल में उसे पूर्व पुलिस एएसपी फजलुल हक की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। आरोप है कि उसके गुर्गे रामपुरा और हातिरझील में केबल टीवी और इंटरनेट कनेक्शन, हाउसिंग, गारमेंट फैक्ट्रियों और होटलों सहित कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से रंगदारी वसूलने में सक्रिय हैं।

रविवार शाम चार-पांच युवक रामपुरा के वाप्डा रोड स्थित स्पीड टच नेटवर्क एंड टेक्नोलॉजी के दफ्तर में घुसे और फायरिंग कर दी। इसमें दो लोग घायल हो गए। पता चला है कि हमलावरों में से दो ने अपने चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी पहनी हुई थी। कंपनी के नेटवर्क ऑपरेशंस इंचार्ज बंदोन कुमार साहा हमले में घायल हैं। उन्होंने बताया, “15-20 दिन पहले, खुद को गुजा बादशाह और जॉनी बताने वाले कुछ लोगों ने मोबाइल फोन पर 10 लाख टका की रंगदारी मांगी थी। धमकी भी दी थी कि अगर पैसे नहीं दिए गए, तो वे इस इलाके में अपना कारोबार नहीं कर पाएंगे। इसके बाद ही यह फायरिंग हुई। हम बहुत डरे हुए हैं।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778320 Articles

Share this story