बांग्लादेश में सत्तारूढ़ बीएनपी और हसीना की पार्टी अवामी लीग के बीच झड़प, जुबो लीग कार्यकर्ता की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेश में सत्तारूढ़ बीएनपी और हसीना की पार्टी अवामी लीग के बीच झड़प, जुबो लीग कार्यकर्ता की मौत


बांग्लादेश में सत्तारूढ़ बीएनपी और हसीना की पार्टी अवामी लीग के बीच झड़प, जुबो लीग कार्यकर्ता की मौत


ढाका (बांग्लादेश), 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य बांग्लादेश के ढाका संभाग के शरियातपुर जिला के जजीरा उपजिला में आज सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) कार्यकर्ताओं और अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में जुबो लीग का एक कार्यकर्ता मारा गया और दो अन्य घायल हो गए। घायल हुए दोनों लोगों को गोली लगी है। मृतक की पहचान शरियातपुर सदर उपजिला के मध्य सोनामुखी इलाके के हफीजुद्दीन सिपाही के बेटे इब्राहिम सिपाही के रूप में हुई है।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार जुबो लीग (बांग्लादेश अवामी जुबो लीग) अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी बांग्लादेश अवामी लीग का युवा संगठन (यूथ विंग) है। इस झड़प के दौरान देसी बम धमाके हुए। मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की गई। आगजनी की गई। इससे पद्मा पुल और ढाका-भांगा एक्सप्रेस-वे पर यातायात बाधित हो गया। यह हिंसा सुबह 5:30 बजे से 6 बजे के बीच हुई। पद्मा पुल के दक्षिणी छोर के पास नाओडोबा और बिकेनगर इलाकों में भी झड़प हुई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नारिया सर्कल) मोहिउद्दीन मिराज ने इस घटना की पुष्टि की। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुबह अवामी लीग के कार्यकर्ता बिकेनगर से पद्मा पुल के दक्षिणी छोर की ओर बढ़े। उस समय बीएनपी के कार्यकर्ता एक्सप्रेसवे पर मौजूद थे। शुरुआत में दोनों समूहों ने एक-दूसरे का पीछा किया। इसके बाद टकराव बढ़ गया। इसके बाद गोलियां चलीं और देसी बम धमाके हुए। इससे इलाके में दहशत फैल गई और बीएनपी कार्यकर्ता वहां से भाग गए।

बाद में, अवामी लीग के कार्यकर्ताओं और उससे जुड़े संगठनों के सदस्यों ने कथित तौर पर बीएनपी की रैली वाली जगह पर तोड़फोड़ की। इस दौरान बीएनपी कार्यकर्ताओं की कम से कम 20 मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया गया। नाओडोबा चौराहे पर स्थित 'फूड एक्सप्रेस' नामक एक रेस्तरां और पास के ही एक भोजनालय में भी आग लगा दी गई। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। फुटेज में कुछ लोग स्थानीय स्तर पर बने हथियार लिए हुए एक्सप्रेस-वे को रोकते और देसी बम फोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।

शरियतपुर जिले के छात्र दल के एक नेता ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली थी कि अवामी लीग के कार्यकर्ता पद्मा पुल इलाके में तोड़फोड़ कर सकते हैं। इस आशंका के चलते बीएनपी कार्यकर्ता शुक्रवार से ही वहां मौजूद थे। इस नेता का आरोप है कि रविवार सुबह मदारिपुर के शिबचर और शरियातपुर के बिकेनगर से आए अवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला कर दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध और संचालन) जकारिया रहमान ने बताया कि पद्मा पुल पर यातायात बाधित होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस पूरी रात तैनात रही। उन्होंने कहा, हमने पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया था। हालांकि, सुबह कुछ लोग वहां पहुंचे और उन्होंने देसी बम फोड़े। उन्होंने बताया कि पद्मा पुल पर यातायात करीब 45 मिनट तक ठप रहा, जिसके बाद इसे फिर से बहाल कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ सबूत भी जुटाए हैं।

इस नाकेबंदी के कारण ढाका-भांगा एक्सप्रेस-वे पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने बताया कि अब स्थिति सामान्य हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785141 Articles

Share this story