बांग्लादेश में बीएनपी नेताओं के घर, दफ्तर, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़, आगजनी

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेश में बीएनपी नेताओं के घर, दफ्तर, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़, आगजनी


बांग्लादेश में बीएनपी नेताओं के घर, दफ्तर, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़, आगजनी


ढाका (बांग्लादेश), 16 नवंबर (हि.स.)। देश के गोपालगंज के तुंगीपाड़ा उपजिला में रविवार को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उससे जुड़े संगठनों के कई नेताओं और समर्थकों के घरों, पार्टी कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की गई और उनमें आग लगा दी गई। बीएनपी नेताओं का आरोप है कि दोपहर से उपजिला के अलग-अलग इलाकों में प्रतिबंधित अवामी लीग, जुबो लीग और छात्र लीग के कार्यकर्ताओं ने ये हमले किए।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे डूमुरिया यूनियन के पाकुरतिया बाजार में अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। इसके बाद उन्होंने पाकुरतिया मदरसे के पास बीएनपी समर्थकों के दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आग लगा दी। दोपहर करीब 3:30 बजे एक दूसरा जुलूस निकला। इस दौरान पाटगाती बाजार में जुबो दल के कार्यालय में तोड़फोड़ करने के बाद उसमें आग लगा दी गई।

बताया गया है कि शाम करीब चार बजे हमलावरों ने श्रीरामकांडी में उपजिला स्वेच्छासेबक दल के पूर्व संयोजक जसीम शेख के घर को आग लगाकर फूंक दिया। इसके एक घंटे बाद गवरडांगा के चौरंगी चौराहे पर बीएनपी समर्थक महमूद बिस्वास की एक दुकान में आग लगा दी गई। उसी समय, तुंगीपाड़ा बाजार में नगर बीएनपी के संगठनात्मक सचिव अबू जफर खान के एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में भी तोड़फोड़ की गई। बाद में, रात करीब आठ बजे पाटगाती बाजार में नगर बीएनपी के अध्यक्ष इमदाद मोल्ला के घर में तोड़फोड़ की गई और उसमें आग लगा दी गई। उसी समय नगर बीएनपी के संगठनात्मक सचिव गोपाल सरकार के घर में भी तोड़फोड़ की गई।

रिपोर्ट के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे प्रतिबंधित छात्र लीग के कार्यकर्ताओं ने पाटगाती मध्यपारा गांव में नगर छात्र दल के संयोजक येन मुंशी के घर में तोड़फोड़ की। इसके बाद रात करीब 9 बजे तुंगीपाड़ा के पाटगाती में ग्रामीण बैंक की एक शाखा में आग लगा दी गई। तुंगीपाड़ा नगर बीएनपी अध्यक्ष इमदाद मुल्ला ने कहा, बांग्लादेश एक लोकतांत्रिक देश है। यहां हर किसी को राजनीति करने का अधिकार है। क्या सिर्फ इसलिए कि हम बीएनपी के सदस्य हैं, प्रतिबंधित संगठनों के कार्यकर्ता हमारे घरों में तोड़फोड़ करेंगे और उन्हें जला देंगे? हम इसके लिए जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने की मांग करते हैं।

इससे पहले, शनिवार दोपहर प्रतिबंधित अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बोर्नी बाजार में उपजिला युवा दल के संयुक्त संयोजक फरीद गाजी के कार्यालय में तोड़फोड़ की। उसी रात, कुशली यूनियन में बीएनपी के कार्यालय में तोड़फोड़ की गई और उसे आग लगा दी गई। तुंगीपाड़ा थाना प्रभारी अधिकारी अयूब अली ने बताया कि उन्हें दोपहर से ही उपजिला के अलग-अलग हिस्सों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं के बारे में जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं को लेकर किसी ने भी लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777765 Articles

Share this story