बांग्लादेश में गर्भवती हिंदू शिक्षिका से मारपीट का आरोप, पेट में लात मारने का दावा

WhatsApp Channel Join Now

ढाका, 17 नवंबर (हि.स.)। बांग्लादेश के नेत्रोकोना जिले में एक गर्भवती हिंदू शिक्षिका के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन समिति के गठन को लेकर हुए विवाद में सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के एक स्थानीय नेता ने शिक्षिका के पेट में लात मारी। पीड़िता पांच माह की गर्भवती है। स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, घटना अटपारा उपजिला के तेलिगाती यूनियन स्थित कचरपार सरकारी प्राथमिक विद्यालय में हुई।

स्कूल की कार्यवाहक प्रधानाध्यापिका निबेदिता देब ने तेलिगाती यूनियन बीएनपी अध्यक्ष अनवर हुसैन, स्कूल के पूर्व शिक्षक नूरुज्जमान खान पुतुल और कुछ अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। 'द डेली स्टार' के अनुसार, निबेदिता का कहना है कि अनवर ने उनके पेट में लात मारी, जबकि अन्य लोगों ने उनके साथ मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की। बाद में साथी शिक्षकों और अभिभावकों ने उन्हें बचाया।

निबेदिता के मुताबिक, बीएनपी के कुछ नेता और कार्यकर्ता उन्हें एक बैठक में शामिल होने के लिए बुला रहे थे। बैठक का एजेंडा स्पष्ट नहीं होने पर उन्होंने उनसे स्कूल कार्यालय में आकर चर्चा करने को कहा। इसके बाद वे स्कूल पहुंचे और कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की। पीड़िता ने बताया कि गर्भवती होने की बात कहने और अजन्मे बच्चे को नुकसान पहुंचने की आशंका जताने पर हमलावर और आक्रामक हो गए।

निबेदिता के पति सौमित्र मजूमदार ने पत्नी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि घटना की शिकायत उपजिला निर्वाही अधिकारी (यूएनओ) कार्यालय में दर्ज कराई गई है। यूएनओ अशराफुल कबीर ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए उपजिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच सौंपी है।

आरोपों से इनकार करते हुए अनवर हुसैन ने द डेली स्टार को बताया कि वे स्कूल के पास एक मकान में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने शिक्षिका को भी बैठक में बुलाया था, लेकिन उनके नहीं आने पर वे स्कूल पहुंचे। अनवर के मुताबिक, वहां शिक्षिका कुछ अवामी लीग समर्थकों के साथ बैठक कर रही थीं। उन्होंने मारपीट या पेट में लात मारने के आरोपों को गलत बताया। इस बीच, अटपारा उपजिला बीएनपी ने अनवर हुसैन और नूरुज्जमान खान पुतुल को कारण बताओ नोटिस जारी कर 72 घंटे में जवाब मांगा है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778907 Articles

Share this story