बांग्लादेश में माफिया सरगना टिटोन की गोली मारकर हत्या, ढाका पुलिस को अंडरवर्ल्ड के गुर्गों पर शक

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेश में माफिया सरगना टिटोन की गोली मारकर हत्या, ढाका पुलिस को अंडरवर्ल्ड के गुर्गों पर शक


बांग्लादेश में माफिया सरगना टिटोन की गोली मारकर हत्या, ढाका पुलिस को अंडरवर्ल्ड के गुर्गों पर शक


ढाका, 29 अप्रैल (हि.स.)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका के न्यू मार्केट इलाके में मंगलवार रात माफिया सरगना खोंडोकर नईम अहमद टिटोन (50) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ढाका पुलिस को शक है कि टिटोन की हत्या अंडरवर्ल्ड के सदस्यों ने की है। हजारीबाग के जिगतोला स्थित सुल्तान गंज के केएम फखरुद्दीन का बेटा टिटोन ढाका में दहशत का पर्याय रहा है। पुलिस के अनुसार टिटोन देश के 23 खूंखार अपराधियों की सूची में दूसरे स्थान पर था।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, न्यू मार्केट थाना के उप निरीक्षक मो. शहादत हुसैन ने बताया कि पुलिस ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (पीआईबी) ने फिंगरप्रिंट एनालिसिस के जरिए शव की पहचान की। ढाका के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त एनएन मो. नज़रुल इस्लाम ने बताया कि गोली लगने के बाद टिटोन को ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि 2001 में जारी की गई 23 खूंखार अपराधियों की सूची में टिटोन का नाम भी शामिल था। उसने जेल में लंबा समय बिताया। पिछले साल 13 अगस्त को जमानत पर रिहा हुआ था। जमानत की अवधि खत्म होने के बाद से वह फरार था। उन्होंने कहा, हमें लगता है कि यह हत्या अंडरवर्ल्ड के सदस्यों ने की होगी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह घटना रात करीब आठ बजे न्यू मार्केट के पीछे ढाका विश्वविद्यालय के शाहनवाज हॉल के सामने हुई। दो हमलावर एक मोटरसाइकिल पर आए और अंधाधुंध गोलियां चलाईं। जख्मी होकर टिटोन सड़क पर गिर गया। स्थानीय लोगों ने हमलावरों का पीछा भी किया पर वह हाथ नहीं आ सके। टिटोन को मेडिकल कॉलेज पहुंचाने में सहायता करने वाले मो. मेजबाह रहमान ने बताया कि हमलावरों ने टोपी और मास्क पहन रखे थे।

ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थित पुलिस चौकी प्रभारी इंस्पेक्टर मो. फ़ारूक ने बताया कि शव पर कई गोलियों के निशान थे। एक गोली सिर सिर के आर-पार हो गई थी। सहायक पुलिस आयुक्त (न्यू मार्केट जोन) मो. नसीम ए गुलशन ने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया है। आसपास के इलाके से सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story