चंदा नहीं देने पर बांग्लादेश में हिंदू व्यवसायी पर हमला, पुलिस पर मामला दर्ज न करने का आरोप
ढाका, 25 फरवरी (हि.स.)। बांग्लादेश के पटुआखाली जिले में पांच लाख टाका चंदा नहीं देने पर एक अल्पसंख्यक हिंदू व्यवसायी के साथ मारपीट और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि मिर्जागंज उपजिला के एक स्थानीय राजनीतिक पदाधिकारी और उनके सहयोगियों ने व्यवसायी पर हमला किया।
पीड़ित की पहचान निर्मल दास (50) के रूप में हुई है। घटना 22 फरवरी की शाम मिर्जागंज उपजिला के सुबिदखाली बाजार में हुई। लोगों ने घायल निर्मल दास को बचाकर मिर्जागंज उपजिला स्वास्थ्य परिसर में प्राथमिक उपचार कराया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें बरिशाल शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ित का आरोप है कि 12 फरवरी को हुए 13वें संसदीय चुनाव के बाद से उनसे पांच लाख चंदा मांगा जा रहा था। 22 फरवरी की शाम करीब साढ़े सात बजे जब वह घर से अपनी दुकान की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें रोककर कथित रूप से चंदा मांगा गया। इंकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
निर्मल दास ने मिर्जागंज थाने में लिखित शिकायत देकर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। हालांकि, आरोप है कि पुलिस ने अब तक इसे औपचारिक रूप से दर्ज नहीं किया है। स्थानीय अल्पसंख्यक समुदाय का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस कार्रवाई से बच रही है।
मिर्जागंज थाना प्रभारी मो. अब्दुस सलाम ने कहा कि एक हिंदू व्यवसायी के साथ मारपीट और चंदा मांगने की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले को संज्ञान में लिया गया है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोपों पर उन्होंने कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की।
आरोपित पक्ष की प्रतिक्रिया जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं, घटना के बाद स्थानीय स्तर पर चिंता का माहौल है और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

