बांग्लादेश में लूटपाट और तोड़फोड़ की घटनाओं पर टीआईबी चिंतित, निष्पक्ष जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now


ढाका, 28 सितंबर (हि.स.)। ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल बांग्लादेश (टीआईबी) ने मीरपुर स्थित रड्डा एमसीएच-एफपी स्वास्थ्य केंद्र में लूटपाट और तोड़फोड़ तथा ईसीबी चत्तर इलाके में कंटेंट क्रिएटर सलमान मुक्तादिर के स्टूडियो में हुई तोड़फोड़ की घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई है। संगठन ने इन घटनाओं को व्यापक कानून-व्यवस्था और जवाबदेही से जुड़े मुद्दों के संदर्भ में देखते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बांग्लादेश की बंगाली दैनिक प्रोथोम आलो के अनुसार, टीआईबी ने रविवार को जारी बयान में कहा कि ऐसी घटनाओं को अलग-अलग मामलों के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। संगठन ने सरकार से जमीन पर कब्जे और जबरन वसूली जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने तथा दोषियों को कानून के दायरे में लाने की मांग की। साथ ही टीआईबी ने सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) से अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच सुधार के लिए देशव्यापी अभियान चलाने का आग्रह किया।

टीआईबी के कार्यकारी निदेशक इफ़्तेख़ारुज़्ज़मान ने मीरपुर के रड्डा एमसीएच-एफपी केंद्र की घटना को सरकार और सत्ताधारी पार्टी के लिए चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य केंद्र करीब पांच दशक से गरीब और कमजोर वर्ग की महिलाओं तथा बच्चों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने अगस्त 2024 के बाद बीएनपी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं पर जमीन हड़पने, जबरन वसूली और विभिन्न क्षेत्रों में दबदबा कायम करने के आरोपों का भी उल्लेख किया।

इफ़्तेख़ारुज़्ज़मान ने किशोरगंज में एक जलाशय के नियंत्रण को लेकर बीएनपी के दो स्थानीय गुटों के बीच हुई झड़प और ईसीबी चत्तर में सलमान मुक्तादिर के स्टूडियो में हुई तोड़फोड़ का भी जिक्र किया। टीआईबी के अनुसार, इन घटनाओं को अगस्त 2024 के बाद सामने आए व्यापक घटनाक्रम के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने तत्काल प्रभावी सुधारात्मक कदम नहीं उठाए तो जमीन पर कब्जे और जबरन वसूली जैसी गतिविधियां और गंभीर रूप ले सकती हैं। उनके अनुसार, कुछ मामलों में पार्टी स्तर पर निष्कासन की कार्रवाई हुई है, लेकिन कानून प्रवर्तन एजेंसियों की कार्रवाई की प्रभावशीलता को लेकर सवाल बने हुए हैं।

मीरपुर की घटना की पुलिस भूमिका की भी जांच की जा रही है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है, जिसे 3 अक्टूबर तक रिपोर्ट सौंपनी है। पुलिस के अनुसार, घटना में कथित संलिप्तता को लेकर कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है।

ईसीबी चत्तर में सलमान मुक्तादिर के स्टूडियो पर हमले के मामले में पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे जमीन के कब्जे और नियंत्रण को लेकर विवाद था। इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या पांच तक पहुंच गई है।

टीआईबी ने दोनों घटनाओं समेत संबंधित मामलों की पूरी जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन ने कहा कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर मनमानी, भ्रष्टाचार और दंड से बचने की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिल सकता है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story