बांग्लादेश में बस हादसा, राहगीर की मौत, जमात के 30 कार्यकर्ता घायल

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेश में बस हादसा, राहगीर की मौत, जमात के 30 कार्यकर्ता घायल


ढाका (बांग्लादेश), 01 नवंबर (हि.स.)। देश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से के खुलना अंतर्गत सतखीरा के पाटकेलगहाटा में हुए बस हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई और जमात-ए-इस्लामी के कम से कम 30 कार्यकर्ता घायल हो गए। बस में सवार ये कार्यकर्ता सड़क किनारे एक खाई में जा गिरे। यह हादसा शनिवार रात करीब 8:30 बजे खुलना-सतखीरा राजमार्ग के चाराबोतोला इलाके में हुआ। जमात कार्यकर्ता खुलना से 11 दलीय गठबंधन के रोड मार्च से लौट रहे थे।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पहचान 65 वर्षीय अब्दुल खालिक मोल्लाह के रूप में हुई है। वह पाटकेलगहाटा के काशियाडांगा गांव में रहते थे। उनके पड़ोसी रिपन मुल्ला ने बताया कि खुलना में रोड मार्च में शामिल होने के बाद जमात कार्यकर्ता बस से सतखीरा लौट रहे थे। जब अब्दुल खालिक चाराबोतोला चौराहे के पास सड़क पार कर रहे थे तभी बस ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बस सड़क किनारे एक खाई में जा गिरी।

सतखीरा जमात के महासचिव अजीजुर रहमान ने कहा कि जब बस रोड मार्च से लौट रही थी, तो बुजुर्ग अचानक बस के सामने आ गए। उन्होंने कहा, उन्हें बचाने की कोशिश में हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं को ले जा रही बस सड़क से उतरकर किनारे की खाई में जा गिरी, जिससे कम से कम 30 कार्यकर्ता घायल हो गए। उस बुजुर्ग व्यक्ति की भी मौत हो गई। पटकेलघाटा पुलिस था प्रभारी तफजल हुसैन ने हादसे की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि बस ड्राइवर की हालत गंभीर है, जबकि बाकी लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770305 Articles

Share this story