बांग्लादेश में अवामी लीग पर प्रतिबंध से छिड़ी बहस, ‘चुनिंदा जवाबदेही’ पर उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now


ढाका, 21 अप्रैल (हि.स.)। बांग्लादेश में आवामी लीग पर लगाए गए प्रतिबंध ने देश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। संसद में पारित आतंकवाद-रोधी संशोधन कानून के जरिए लागू इस प्रतिबंध को लेकर ‘चुनिंदा राजनीतिक जवाबदेही’ पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, इस कदम का असर सिर्फ पार्टी तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके समर्थकों को भी राजनीतिक प्रक्रिया से अलग-थलग कर सकता है। विश्लेषकों का मानना है कि इससे देश में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का भरोसा कमजोर होने का खतरा है।

समाचार पत्र 'दी डिप्लोमेट' में प्रकाशित एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर राजनीतिक दलों पर प्रतिबंध लगाने की प्रवृत्ति बढ़ती है, तो भविष्य में यह एक खतरनाक उदाहरण बन सकता है, जहां किसी भी पार्टी को इसी तरह के कदम का सामना करना पड़ सकता है।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी सरकार द्वारा अवामी लीग पर प्रतिबंध को आगे बढ़ाना आश्चर्यजनक नहीं है, क्योंकि दोनों दलों के बीच लंबे समय से राजनीतिक टकराव रहा है। हालांकि, इस फैसले के पीछे के तर्क और इसके निष्पक्ष लागू होने को लेकर सार्वजनिक स्तर पर सवाल उठ रहे हैं।

इस बीच, मुहम्मद युनूस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने भी बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों पर प्रतिबंध लगाया था। इस फैसले ने देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक बहस को जन्म दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने राजनीतिक दलों पर प्रतिबंध लगाने के खिलाफ सलाह दी थी, जो लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर आधारित है।

बहस के केंद्र में जमात-ए-इस्लामी भी है, जिसकी 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम के दौरान भूमिका लंबे समय से विवादों में रही है। इस पार्टी पर पाकिस्तानी सेना के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर अत्याचारों में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं। इसके बावजूद, मौजूदा सरकार द्वारा इस पर प्रतिबंध लगाने पर विचार नहीं किया जा रहा है।

यह मुद्दा केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि न्याय और कानून के समान अनुपालन से भी जुड़ा है। अगर एक पार्टी को पुराने आरोपों के आधार पर दंडित किया जाता है, जबकि अन्य दल समान या गंभीर आरोपों के बावजूद राजनीतिक प्रक्रिया में सक्रिय रहते हैं, तो इससे निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story