बलोचिस्तान में पाकिस्तान सुरक्षा बलों के 86 जवान मारे गए, बीएलए ने लिया जिम्मा
इस्लामाबाद, 04 अप्रैल (हि.स.)। पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलोचिस्तान में आजादी की मांग को लेकर मुखर सशस्त्र विद्रोही संगठन बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के 86 जवानों को मार गिराने का दावा किया है। बीएलए ने कहा कि सेना के कई रडार नष्ट कर दिए हैं। सैन्य काफिले, हवाई अड्डा और मौत के दस्ते पर हमले कर सुरक्षा बलों को पीछे हटने को मजबूर कर दिया गया।
द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार बीएलए ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए एक्स पर वीडियो जारी किया है। यह वीडियो 14 मिनट का है। इस वीडियो में रडार प्रणालियों का विनाश, शम्सी एयरबेस पर रॉकेट से हमला, झाल मगसी पर हमले, सोराब और कुर्दगाप में सैन्य काफिलों पर हमले और कदन और मस्तुंग में सैन्य शिविरों पर हमले दिखाए गए हैं। वीडियो में दावा किया गया है कि बीएलए ने दलबांदिन में खनन स्थल पर नियंत्रण हासिल कर लिया है। पंजगुर में पाकिस्तान सरकार समर्थित समूह मौत का दस्ता के मुख्यालय पर हमला कर उस पर कब्जा कर लिया गया है।
वीडियो में पाकिस्तान की सेना के सैन्य वाहनों, हथियारों और अन्य सैन्य उपकरणों को जलाते हुए दिखाया गया है। बीएलए प्रवक्ता जीयंद बलोच ने आज विस्तृत बयान जारी कर कहा है कि लड़ाकों ने 29 मार्च को कब्जे वाले बलोचिस्तान में पाकिस्तान की सेना के खिलाफ समन्वित हमले शुरू किए। यह हमले एक अप्रैल तक जारी रहे। पंजगुर, शापक, बसिमा, साबी, नसीराबाद, डेरा बुगती, मस्तंग, क्वेटा, नुश्की, ज़मरान, दश्त, सोराब, झाल मगसी, दलबंदिन, खारान, वाशक और कलात में कुल 65 हमले किए गए। इन हमलों में 86 से अधिक कर्मी मारे गए और दर्जनों घायल हो गए।
प्रवक्ता ने कहा कि इन हमलों में सेना के शिविरों सहित हवाई अड्डों, रडार प्रणालियों, संचार टावरों, रेलवे ट्रैक, पुलों और गैस पाइपलाइनों को निशाना बनाया गया। पंजगुर और ज़मरान में हुई झड़पों में बीएलए के छह लड़ाकों की मौत हो गई।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

