बलोचिस्तान के दलबंदिन में धमाका, पूर्व अफगान कमांडर मतीन आगा घायल

WhatsApp Channel Join Now
बलोचिस्तान के दलबंदिन में धमाका, पूर्व अफगान कमांडर मतीन आगा घायल


क्वेटा (बलोचिस्तान) पाकिस्तान (हि.स.)। बलोचिस्तान प्रांत के दलबंदिन इलाके के माउंट तरन में हुए धमाके में अफगानिस्तान सेना के पूर्व कमांडर मतीन आगा गंभीर रूप से घायल हो गए। इस धमाके में अफगान सेना के दो पूर्व जवान भी मारे गए। पत्रकार बहोत बलोच ने अस्पताल में इलाज करा रहे मतीन आगा और घटनास्थल की तस्वीरें शेयर कर इस खबर की पुष्टि की है।

द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान सरकार समर्थित हथियारबंद ग्रुप का एक अहम सदस्य शाहू भी धमाके में मारा गया। बलोचिस्तान में अफगान सेना के पूर्व जवानों की मौजूदगी पर चिंता जताई गई है। आरोप है कि पाकिस्तान सेना इनका इस्तेमाल बलोच नेशनल मूवमेंट के खिलाफ करती है। बलोचिस्तान की आजादी की लड़ाई में सक्रिय हथियारबंद संगठन बलोच लिबरेशन आर्मी के मुताबिक, खुजदार में शफीक मेंगल के घर पर हुए हमले में अफगान सेना के पूर्व जवान भी मारे गए हैं।

बलोच नेशनलिस्ट संगठन (बीवाईसी) और बलोचिस्तान नेशनल पार्टी समेत बलोचिस्तान असेंबली के सदस्यों ने भी बलोचिस्तान में अफगान सेना के सेवानिवृत्त अधिकारियों की मौजूदगी पर चिंता जताई है। इन पार्टियों का कहना है कि ये पूर्व कमांडर बलोचिस्तान में मिलिट्री ऑपरेशन और दूसरे अपराध में पाकिस्तान की सेना के साथ मौजूद हैं।

वहीं, पश्तो इलाकों में स्थानीय लोगों ने भी कहा है कि ये अफगान कमांडर दंगों, चोरी और दूसरे अपराधों में शामिल हैं। हालांकि, सरकारी स्तर पर उनकी मौजूदगी को लेकर कोई साफ स्थिति नहीं है। बलोचिस्तान के पूर्व मंत्री और पाकिस्तान की सत्तारूढ़ पार्टी मुस्लिम लीग के सांसद अब्दुल रहमान खेत्रान ने भी डेरा बुगती और बरखान के सीमावर्ती इलाकों में अफगान सरकार के पूर्व कमांडरों की मौजूदगी की पुष्टि की है। भरोसेमंद सूत्रों ने पुष्टि कि पाकिस्तान की मिलिट्री एजेंसियां इन एक्स-सर्विसमैन को अफगान तालिबान के साथ-साथ बलोच नेशनल मूवमेंट के खिलाफ मिलिट्री तैयारियों में इस्तेमाल करने की तैयारी कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767987 Articles

Share this story