बालेन्द्र शाह को आज संसदीय दल का नेता चुनेगी आरएसपी

WhatsApp Channel Join Now
बालेन्द्र शाह को आज संसदीय दल का नेता चुनेगी आरएसपी


काठमांडू, 26 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (आरएसपी) आज शाम 4 बजे केंद्रीय समिति की बैठक आयोजित कर रही है। इसके बाद संसदीय दल की बैठक होगी, जिसमें संसदीय दल के नेता का चुनाव किया जाएगा।

पार्टी ने बताया कि इन बैठकों में संसदीय दल के नेता के चयन सहित अन्य महत्वपूर्ण एजेंडा पर भी चर्चा की जाएगी। आज सिंहदरबार में नव-निर्वाचित सांसदों द्वारा पद तथा गोपनीयता की शपथ लेने के बाद, आरएसपी केंद्रीय समिति और संसदीय दल की बैठक बुलाकर बालेन्द्र शाह को संसदीय दल का नेता चुनेगी।

नेता चयन के बाद पार्टी संविधान के अनुच्छेद 71(1) के अनुसार राष्ट्रपति कार्यालय में प्रधानमंत्री के नाम का प्रस्ताव पेश करेगी। बालेन्द्र के कल, शुक्रवार को प्रधानमंत्री के रूप में पद तथा गोपनीयता की शपथ लेने की तैयारी चल रही है।

इस बार का शपथग्रहण समारोह बहुत ही खास होने वाला है। शपथग्रहण के दौरान हिंदू बटुक द्वारा स्वस्तिवाचन किया जाएगा, जबकि बौद्ध लामा द्वारा मंगलध्वनि का पाठ होगा। इसके अलावा वहां सात ब्राह्मणों के द्वारा शंखनाद किया जाएगा।

शपथग्रहण का मुहूर्त भी निकल गया है। बालेन्द्र शाह ठीक उसी समय शपथ ग्रहण करने वाले हैं जब भारत के उत्तर प्रदेश राज्य के अयोध्या में रामनवमी के अवसर पर राममंदिर में विशेष पूजा का मुहूर्त रखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story