कीव पर रूसी ड्रोन हमले में ऑस्ट्रियाई दूतावास की इमारत को नुकसान
कीव, 19 नवंबर (हि.स.)। यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस के ताजा ड्रोन हमलों के दौरान ऑस्ट्रियाई दूतावास की इमारत को भी नुकसान पहुंचा है। ऑस्ट्रिया की विदेश मंत्री बीएटे माइनल-राइजिंगर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दूतावास के बाहर एक विस्फोटक वस्तु आकर गिरी, जिससे इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बताया कि मध्य कीव स्थित ऑस्ट्रियाई दूतावास के ठीक बाहर दोपहर में एक प्रक्षेप्य गिरा। उन्होंने कहा कि उन्होंने वहां तैनात कर्मचारियों से फोन पर बात की है और सभी के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने से उन्हें राहत मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दूतावास के कर्मचारियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
माइनल-राइजिंगर ने कहा कि कीव पर रूस के हमले लगातार तेज हो रहे हैं। ऐसे में उन्होंने दूतावास के कर्मचारियों की सुरक्षा और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त उपाय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कठिन और खतरनाक परिस्थितियों के बावजूद काम कर रहे दूतावास के पूरे दल के प्रति आभार जताया और उनके समर्पण की सराहना की।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

