फारस की खाड़ी में तेल टैंकर पर ड्रोन हमला, ईरान ने अमेरिका से जुड़े जहाज को निशाना बनाने का किया दावा

WhatsApp Channel Join Now

तेहरान/रियाद, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने फारस की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर ड्रोन हमला करने का दावा किया है। ईरान की सैन्य इकाई इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने कहा कि उसने “लुईस पी” नामक जहाज को निशाना बनाया, जो मार्शल आईलैंड के झंडे के तहत संचालित हो रहा था।

ईरान के अनुसार यह जहाज अमेरिका से जुड़ा हुआ था, इसलिए इसे निशाना बनाया गया। आईआरजीसी ने दावा किया कि टैंकर पर आत्मघाती ड्रोन से हमला किया गया और क्षेत्र में मौजूद अमेरिका एवं इजराइल से जुड़े संसाधन ईरान की सेना के लिए “वैध लक्ष्य” हैं। हालांकि हमले में जहाज को कितना नुकसान हुआ या कोई घायल हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

इस बीच यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ने बताया कि उन्हें सऊदी अरब के जुबैल तट से लगभग 10 नॉटिकल मील उत्तर में एक समुद्री घटना की सूचना मिली है। एजेंसी ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागियों को प्रतिबंधित रहने की सलाह दी गई है।

एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने अमेरिकी मीडिया को बताया कि ईरान अब अमेरिका के नए सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाने की संभावना पर विचार कर रहा है। अधिकारी के अनुसार यदि अमेरिका ने कोई आक्रामक कदम उठाया तो ईरान उन ठिकानों और सैन्य बलों पर हमला कर सकता है, जो अभी तक उसकी लक्ष्य सूची में शामिल नहीं हैं।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story