इजराइल नहीं रोक पाया ईरानी मिसाइलों की बौछार, कम से कम 90 लोग घायल

WhatsApp Channel Join Now
इजराइल नहीं रोक पाया ईरानी मिसाइलों की बौछार, कम से कम 90 लोग घायल


तेल अवीव, 22 मार्च (हि.स.)। ईरान के इजराइल पर किए गए ताजा मिसाइल हमलों में कम से कम 90 लोग घायल हो गए। इजराइली अधिकारियों ने माना कि ईरान ने दक्षिणी इजराइल पर दो स्थानों पर हमले किए। इजराइली मिसाइल डिफेंस सिस्टम इन हमलों को रोक नहीं पाए। इन हमलों का निशाना इजराइल का मुख्य परमाणु अनुसंधान केंद्र रहा।

अल जजीरा और सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी मिजान ने कहा कि ईरान ने इजराइल के डिमोना पर हमला कर नतान्ज (ईरान की मुख्य परमाणु संवर्धन सुविधा) पर किए गए हमले का बदला लिया है। मिजान ने कहा कि इस सुविधा केंद्र में किसी भी तरह के रेडिएशन का रिसाव नहीं हुआ है। यह केंद्र तेहरान से लगभग 135 मील दक्षिण में स्थित है।

इजराइल की आपातकालीन बचाव एजेंसी 'मैगन डेविड एडोम' का कहना है कि रविवार सुबह (स्थानीय समय) दक्षिणी इजराइली शहर अराद पर हुए ईरानी हमले में कम से कम 59 लोग घायल हुए हैं। इलाके के अस्पतालों में लाए गए 59 लोगों में से छह की हालत गंभीर है। मैगन डेविड एडोम की टीमें मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रही हैं। डिमोना और अराद इजराइल के मुख्य परमाणु अनुसंधान केंद्र के पास स्थित हैं। डिमोना पर हमले में कम से कम 31 लोग घायल घायल हुए हैं।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार सुबह कहा कि हमारी सेना मध्य पूर्व में युद्ध से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि देश के भविष्य के लिए यह बहुत कठिन समय है। नेतान्याहू ने अराद पर हमले के बाद वहां के मेयर से बात की। नेतन्याहू ने सोशम मीडिया में लिखा, हम सभी मोर्चों पर अपने दुश्मनों पर हमले जारी रखने के लिए दृढ़ हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story