आसियान और ऑस्ट्रेलिया व्यापार, शिक्षा व समुद्री सुरक्षा में बढ़ाएंगे सहयोग

WhatsApp Channel Join Now
आसियान और ऑस्ट्रेलिया व्यापार, शिक्षा व समुद्री सुरक्षा में बढ़ाएंगे सहयोग


मनीला, 16 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) और ऑस्ट्रेलिया ने व्यापार, शिक्षा, समुद्री सुरक्षा तथा जलवायु कार्रवाई के क्षेत्रों में सहयोग और गहरा करने की प्रतिबद्धता जताई है।

फिलीपींस की सरकारी न्यूज एजेंसी पीएनए की रिपोर्ट के मुताबिक फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर ने सोमवार को फिलीपीन इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित छठे आसियान-ऑस्ट्रेलिया शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आसियान के पहले संवाद साझेदार के रूप में ऑस्ट्रेलिया लंबे समय से क्षेत्र में शांति, समृद्धि और सतत विकास को आगे बढ़ाने में साथ खड़ा रहा है।

उन्होंने कहा कि आसियान और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग समुद्री सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, आतंकवाद से मुकाबले, मानव तस्करी, ऑनलाइन धोखाधड़ी और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने जैसे क्षेत्रों तक फैला हुआ है। पिछले वर्ष ऑस्ट्रेलिया और आसियान के बीच द्विपक्षीय व्यापार 197.5 अरब ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया अपनी 'ऑस4आसियान फ्यूचर्स इनिशिएटिव' के माध्यम से क्षेत्र में डिजिटल परिवर्तन, ऊर्जा बदलाव और आसियान पावर ग्रिड को समर्थन दे रहा है। इसके अलावा उसने दक्षिण-पूर्व एशिया में ऊर्जा के लिए क्षेत्रीय संपर्क कोष में भी भागीदारी की है।

फिलीपींस के राष्ट्रपति ने आसियान सेंटर फॉर पब्लिक हेल्थ इमरजेंसीज एंड इमर्जिंग डिजीजेज को 1.5 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की सहायता देने की ऑस्ट्रेलिया की प्रतिबद्धता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया आपदा प्रबंधन और प्रवासी कामगारों की सुरक्षा के प्रयासों में भी सहयोग कर रहा है। मार्कोस ने कहा कि अगले पांच वर्षों में साझा प्रतिबद्धताओं को ऐसी उपलब्धियों में बदलना होगा, जिनका लाभ क्षेत्र के लोगों को लंबे समय तक मिल सके।

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने आसियान को निरंतर समर्थन देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार और निवेश बढ़ाने, स्वच्छ ऊर्जा की संभावनाओं का लाभ उठाने, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने की क्षमता विकसित करने, बेहतर बुनियादी ढांचे, शिक्षा के समान अवसर और समुद्री सुरक्षा मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे।

अल्बनीज ने कहा कि वैश्विक संघर्षों के प्रभावों और इतिहास के सबसे बड़े तेल एवं ऊर्जा संकट से निपटने के लिए साझा ऊर्जा आपूर्ति शृंखलाओं को मजबूत करने में निवेश करना महत्वपूर्ण है।

उन्होंने आसियान के डिजिटल परिवर्तन को गति देने और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए एक नए डिजिटल सहयोग पैकेज की भी घोषणा की। इसके तहत क्षेत्र के डिजिटल तंत्र को मजबूत करने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के सुरक्षित उपयोग के मानक विकसित करने और डिजिटल कार्यबल तैयार करने में मदद की जाएगी।

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने वैश्विक व्यवधानों के बीच आसियान और दक्षिण-पूर्व एशिया का विश्वसनीय साझेदार बने रहने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया आसियान और उसके नेतृत्व वाली संस्थाओं में निवेश जारी रखेगा, क्योंकि वह क्षेत्रीय मामलों में आसियान की केंद्रीय भूमिका और शांति एवं स्थिरता बनाए रखने को साझा जिम्मेदारी मानता है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777913 Articles

Share this story