शी जिनपिंग ने एपेक सम्मेलन में एशिया-प्रशांत के विकास के लिए पेश किया चार सूत्रीय विजन

WhatsApp Channel Join Now
शी जिनपिंग ने एपेक सम्मेलन में एशिया-प्रशांत के विकास के लिए पेश किया चार सूत्रीय विजन


शी जिनपिंग ने एपेक सम्मेलन में एशिया-प्रशांत के विकास के लिए पेश किया चार सूत्रीय विजन


शेनझेन, 19 नवंबर (हि.स.)। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने 33वीं एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक)

आर्थिक नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए एशिया-प्रशांत समुदाय के निर्माण के लिए चार प्रमुख दृष्टिकोण पेश किए। उन्होंने एकजुटता एवं आपसी सहयोग, खुलेपन एवं आर्थिक एकीकरण, उद्यमशीलता एवं नवाचार तथा समावेशी विकास को क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार बताया। जिनपिंग ने कहा कि चीन सभी देशों के साथ मिलकर ऐसा एशिया-प्रशांत समुदाय बनाना चाहता है, जहां साझा विकास और आपसी सहयोग को प्राथमिकता मिले।

भारत में चीनी राजदूत शू फेईहोंग ने अपने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स लिखा, शी जिनपिंग ने कहा कि दुनिया इस समय बड़े बदलावों के दौर से गुजर रही है। विज्ञान, तकनीक और उद्योगों में तेजी से हो रहे नवाचार के बीच एशिया-प्रशांत देशों को नई परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालना होगा। एपेक की शुरुआत के बाद पिछले तीन दशकों में क्षेत्र ने उल्लेखनीय आर्थिक प्रगति की है और अब इस उपलब्धि को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

उन्होंने सदस्य देशों से खुले व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने, आर्थिक एकीकरण मजबूत करने तथा व्यापारिक बाधाओं को दूर करने का आह्वान किया। साथ ही वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल अर्थव्यवस्था और नवाचार को क्षेत्रीय विकास का प्रमुख आधार बताया।

चीनी राष्ट्रपति ने एशिया-प्रशांत सहयोग के चार प्रमुख स्तंभ भी सामने रखे। इनमें व्यापार एवं अर्थव्यवस्था, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, नवाचार और सतत विकास शामिल हैं। उन्होंने एशिया-प्रशांत मुक्त व्यापार क्षेत्र (एफटीएएपी) के लक्ष्य को आगे बढ़ाने, सीमा पार भुगतान को आसान बनाने और आपूर्ति श्रृंखलाओं को स्थिर रखने पर जोर दिया।

जिनपिंग ने ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास, रोजगार सृजन तथा कौशल विकास में सहयोग बढ़ाने की जरूरत भी बताई। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और युवाओं के बीच आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने की बात कही, ताकि विकास का लाभ सभी तक पहुंच सके।

इस अवसर पर शी जिनपिंग ने घोषणा की कि चीन एपेक के व्यावहारिक सहयोग के लिए 20 मिलियन अमेरिकी डॉलर देगा। इसके अलावा शेनझेन में एशिया-प्रशांत समुदाय अध्ययन केंद्र स्थापित किया जाएगा। चीन डिजिटल तकनीक, सीमा पार डेटा प्रवाह, स्वच्छ ऊर्जा और लघु एवं मध्यम उद्यमों के विकास के लिए सहयोग संस्थान भी स्थापित करेगा।

स्वागत भोज में अपने संबोधन के दौरान जिनपिंग ने शेनझेन के विकास का उल्लेख करते हुए इसे चीन की सुधार और खुलेपन की नीति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि 1978 में एक छोटे मछुआरों के गांव के रूप में पहचाना जाने वाला शेनझेन आज आधुनिक अंतरराष्ट्रीय महानगर बन चुका है। इस शहर ने खुलेपन, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के दम पर उल्लेखनीय विकास किया है।

उन्हाेंने कहा कि एपेक ने क्षेत्रीय आर्थिक एकीकरण को मजबूत करने और एशिया-प्रशांत क्षेत्र को वैश्विक अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभाई है। चीन की अध्यक्षता के दौरान एक साल में 16 शहरों में 300 से अधिक बैठकें और कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के 10,000 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

जिनपिंग ने सभी सदस्य देशों से मिलकर एशिया-प्रशांत सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि साझा प्रयासों से क्षेत्र में शांति, समृद्धि और विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story