रूस, चीन और अमेरिका की साझा घोषणाः पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बढ़ेगी, परमाणु जोखिम कम करने पर बातचीत

WhatsApp Channel Join Now
रूस, चीन और अमेरिका की साझा घोषणाः पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बढ़ेगी, परमाणु जोखिम कम करने पर बातचीत


रूस, चीन और अमेरिका की साझा घोषणाः पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बढ़ेगी, परमाणु जोखिम कम करने पर बातचीत


शेनझेन (चीन), 19 नवंबर (हि.स./रिया नोवोस्ती)। रूस, चीन और अमेरिका ने वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन एवं आपूर्ति बढ़ाने और परमाणु जोखिम कम करने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच शेनझेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक)

की पहली त्रिपक्षीय बैठक के बाद जारी संयुक्त घोषणापत्र में यह बात कही गई है।

गुरुवार को जारी इस घोषणापत्र के अनुसार, तीनों देश सभी देशों के लाभ के लिए रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन और आपूर्ति बढ़ाने की योजना बना रहे हैं। करीब डेढ़ घंटे चली बैठक में वैश्विक ऊर्जा बाजार की स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर सहमति बनी। तीनों नेताओं ने स्थिर ऊर्जा आपूर्ति के महत्व को दोहराया। उन्होंने माना कि वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखला का सुचारु बने रहना जरूरी है। पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता बढ़ाने की योजना को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

घोषणापत्र में तीनों देशों ने परमाणु जोखिम कम करने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने पर बातचीत जारी रखने को लेकर सहमति जताते हुए कहा कि परमाणु युद्ध में कोई विजेता नहीं हो सकता और ऐसा युद्ध कभी नहीं होना चाहिए। इस बयान के जरिए तीनों देशों ने परमाणु संघर्ष रोकने और वैश्विक सुरक्षा बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया।

संयुक्त घोषणापत्र में सरकारी अधिकारियों को प्राप्त कानूनी छूट के सम्मान को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया है। दस्तावेज के अनुसार, तीनों नेताओं ने राज्यों की सहमति के सिद्धांत और सरकारी अधिकारियों को मिलने वाली छूट का सम्मान करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) और इसी तरह की अन्य संस्थाओं को अपनी शक्तियों का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए।

रूस, चीन और अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उसमें सुधार करने की प्रतिबद्धता भी जताई है। घोषणापत्र के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य होने के नाते तीनों देश चाहते हैं कि विश्व संस्था वैश्विक चुनौतियों का अधिक प्रभावी ढंग से सामना कर सके और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के अपने मूल उद्देश्य को बेहतर तरीके से पूरा करे।

शेनझेन में हुई इस त्रिपक्षीय बैठक और संयुक्त घोषणापत्र को वैश्विक कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऊर्जा सुरक्षा, परमाणु जोखिमों में कमी, अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की भूमिका और संयुक्त राष्ट्र में सुधार जैसे मुद्दों पर तीनों महाशक्तियों की सहमति से अंतरराष्ट्रीय सहयोग की नई संभावनाएं सामने आई हैं।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779765 Articles

Share this story