दक्षिण लेबनान के औचक दौरे पर पहुंचे राष्ट्रपति औन, इजराइली वापसी का जताया भरोसा

WhatsApp Channel Join Now


- राष्ट्रपति औन बोले- दक्षिण का होगा पुनर्निर्माण

बेरूत, 12 सितंबर (हि.स.)। लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने देश के दक्षिणी हिस्से से इजराइली सैनिकों की वापसी सुनिश्चित करने और युद्ध से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण का संकल्प जताया है। उन्होंने शनिवार को दक्षिण लेबनान का अचानक दौरा कर स्थानीय लोगों और सुरक्षाबलों से मुलाकात की।

लेबनानी सरकारी मीडिया के अनुसार, औन बिना पूर्व सूचना के नबातियेह शहर पहुंचे। उनके साथ सेना प्रमुख रोडोल्फ हायकल समेत वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी भी मौजूद थे। राष्ट्रपति ने स्थानीय लोगों के साथ एकजुटता जताई और नबातियेह सरकारी अस्पताल के कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लोगों की संख्या कम होने के बावजूद चिकित्साकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर सेवाएं दे रहे हैं।

राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, औन ने कहा कि इजराइली सेना की वापसी, बंदियों और विस्थापित लोगों की वापसी तथा प्रभावित क्षेत्रों का पुनर्निर्माण लेबनानी राज्य की राष्ट्रीय प्राथमिकताएं हैं।

इसके बाद राष्ट्रपति जावतर अल-घरबिया पहुंचे, जिसे इजराइल के साथ सहमति से तय किए गए शुरुआती वापसी क्षेत्रों में शामिल बताया गया है। वहां उन्होंने लेबनानी सेना की तैनाती का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद इजराइली सैन्य ठिकानों का जायजा लिया।

औन का दक्षिण लेबनान का यह पहला दौरा है, जब से हिज्बुल्लाह के इजराइल पर हमले के बाद क्षेत्र में इजराइली हवाई और जमीनी सैन्य कार्रवाई शुरू हुई थी।

इस बीच, अमेरिका की मध्यस्थता में इजराइल और लेबनान के बीच प्रस्तावित वार्ता का नया दौर, जो अगले सप्ताह होना था, अब अक्टूबर तक टाल दिया गया है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story