अमेरिका में भारतीय मूल के युवक को हथियार तस्करी में 64 माह की जेल

WhatsApp Channel Join Now
अमेरिका में भारतीय मूल के युवक को हथियार तस्करी में 64 माह की जेल


वाशिंगटन, 15 मई (हि.स.)। अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल के जशनप्रीत सिंह को हथियारों की तस्करी और मशीनगन रखने के आरोप में 64 महीने की जेल की सजा सुनाई गई है। पंजाब निवासी 27 वर्षीय जशनप्रीत सिंह को पूरे पांच साल और चार महीने संघीय जेल में गुजारने होंगे। यह घोषणा अमेरिकी अटॉर्नी एरिक ग्रांट ने की। यूनाइटेड स्टेट्स अटॉर्नी ऑफिस ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की वेबसाइट पर जशनप्रीत को सजा सुनाने और उसके जुर्म का विवरण साझा किया गया है।

विवरण के अनुसार जशनप्रीत 'पंजाबी डेविल्स' मोटरसाइकिल क्लब का संस्थापक है। 'पंजाबी डेविल्स' को असल में हथियारों की तस्करी और हेल्स एंजेल्स से जुड़ा एक अपराधी गिरोह बताया गया है। 06 जून, 2025 को जशनप्रीत ने एक अंडरकवर अधिकारी को हथियार (असाल्ट हथियार, रिवॉल्वर, मशीनगन) बेचने की कोशिश की। इसके बाद उसके घर पर छापा मारा गया। तलाशी में और भी हथियार मिले। इनमें मशीन गन, मशीन गन कन्वर्नज डिवाइस और एक साइलेंसर शामिल हैं। अधिकारियों को एक अनानास शैली का कैप लगा और फ्यूज किया हुआ हैंड ग्रेनेड भी मिला। सैन जोकिन काउंटी शेरिफ विभाग की बम टीम के विस्फोटक निरोधक दस्ते ने घटनास्थल पर ही इनको नष्ट किया।

उसके खिलाफ मुकदमा दायर किया गया। पेशी की तारीख 21 जुलाई, 2025 घोषित की गई। वह इस पर हाजिर नहीं हुआ। तब अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह भूमिगत हो गया और 26 जुलाई को भारत भागने की कोशिश करते समय सैन फ्रांसिस्को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ा गया। इस मामले में सहायक यूएस अटॉर्नी एड्रियन टी. किनसेला ने अभियोजन पक्ष का नेतृत्व किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story