न्यूयॉर्क में 'अहेड' का एक्स अकाउंट फिर से बहाल

WhatsApp Channel Join Now
न्यूयॉर्क में 'अहेड' का एक्स अकाउंट फिर से बहाल


- सरसंघचालक के कार्यक्रम से पहले हुआ था सस्पेंड

- संगठन ने एक पोस्ट में कहा, ‘हम वापस आ गए हैं’

न्यूयॉर्क, 27 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के न्यूयॉर्क में प्रस्तावित कार्यक्रम से ठीक पहले आयोजक संगठन ‘अहेड’ का सोशल मीडिया मंच एक्स पर अकाउंट सस्पेंड किया गया था, लेकिन अब यह अकाउंट फिर से बाहल हो गया है।यह जानकारी ‘अहेड’ संगठन ने एक्स पर साझा करते हुए लिखा कि ‘हम वापस आ गए हैं’। ‘अहेड’ संगठन ने अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट कर कहा, “हम वापस आ गए हैं।” संगठन का आरोप है कि कुछ विरोधियों ने एक्स के एल्गोरिदम का गलत इस्तेमाल करते हुए बॉट्स के जरिए उसके अकाउंट को ब्लॉक कराने की कोशिश की। संगठन ने एक्स और उसकी सपोर्ट टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि अकाउंट को तुरंत बहाल किया गया और कथित बॉट्स को हटा दिया गया।

‘अहेड’ ने कहा कि अब संगठन अपने मुख्य उद्देश्य ‘यूनिवर्सल हार्मनी’ और ‘यूनिवर्सल वननेस’ का जश्न मनाने पर वापस ध्यान केंद्रित करेगा।संघ प्रमुख मोहन भागवत का यह कार्यक्रम शनिवार, 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन स्थित इंफोसिस थिएटर में ‘यूनिवर्सल ओणम/वननेस सेलिब्रेशन’ के तहत आयोजित किया जाना है। संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष के वैश्विक जनसंपर्क अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 5 हजार भारतीय-अमेरिकियों के शामिल होने की उम्मीद है। हालांकि, अकाउंट सस्पेंड किए जाने के बाद जारी अपने बयान में ‘अहेड’संगठन ने कहा था कि उसका मानना है कि यह निलंबन संभवतः गलती से हुआ होगा।

सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत का यह दौरा संघ के शताब्दी वर्ष पर आयोजित वैश्विक संपर्क अभियान का हिस्सा है। अमेरिका के बाद वे कनाडा और ब्रिटेन का भी दौरा करेंगे। इसी के तहत डॉ भागवत शनिवार, 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध मैडिसन स्क्वेयर गार्डन में आयोजित ‘यूनिवर्सल वननेस’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम में लगभग पांच हजार भारतीय मूल के नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है। हालांकि, इस कार्यक्रम को लेकर अमेरिका में राजनीतिक विरोध और प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।

सरसंघचालक के अमेरिका दौरे को लेकर न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने आपत्ति जताई। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे पूछा गया कि क्या मैडिसन स्क्वेयर गार्डन में प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द कर दिया जाना चाहिए। इसपर उन्होंने कहा कि वह इस रैली का समर्थन नहीं करते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार शहर प्रशासन के पास है या नहीं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। इस कार्यक्रम के विरोध में ‘हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स’, ‘इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल’ और ‘इंटरफेथ सेंटर ऑफ न्यूयॉर्क’ सहित भारत और हिंदू संस्कृति के विरोध में सक्रिय संगठनों ने न्यूयॉर्क सिटी हॉल के बाहर प्रदर्शन किया। इन संगठनों ने मैडिसन स्क्वेयर गार्डन प्रशासन से कार्यक्रम रद्द करने की मांग की है।

आयोजकों की ओर से ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश

सरसंघचालक के कार्यक्रम का आयोजन करने वाले ‘अहेड फोरम’ ने सोशल मीडिया के माध्यम से स्पष्ट किया है कि ‘यूनिवर्सल वननेस’ कार्यक्रम का उद्देश्य पूरी दुनिया को एक साथ लाना है। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ यानी पूरी दुनिया एक परिवार है, यह है।आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि इस कार्यक्रम के माध्यम से कृत्रिम विभाजन और मतभेदों से ऊपर उठकर आपसी सम्मान, सद्भाव और एकता की भावना अपनाने का आह्वान किया जाएगा।संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर मोहन भागवत का यह विदेश दौरा व्यापक वैश्विक संपर्क अभियान का हिस्सा बताया गया है।

इस दौरे के तीन प्रमुख उद्देश्य इस प्रकार हैं-

भारत, हिंदू समाज और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर दुनिया भर में मौजूद गलतफहमियों और कथित दुष्प्रचार की पृष्ठभूमि में तथ्य-आधारित और सकारात्मक दृष्टिकोण प्रस्तुत करना।

भारत के ऋषि-मुनियों की परंपरा से प्राप्त ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और वैश्विक एकात्मता का संदेश विभिन्न देशों के समाजों तक पहुंचाना।

विदेशों में रहने वाले हिंदू और भारतीय मूल के नागरिकों के हितों और अधिकारों को लेकर वहां के मुख्यधारा के समाज के साथ संवाद बढ़ाना।

इस दौरे के दौरान मोहन भागवत न्यूयॉर्क में आयोजित ‘यूनिवर्सल वननेस’ कार्यक्रम के साथ-साथ टोरंटो और लंदन में सामुदायिक नेतृत्व से जुड़े कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।

संघ की ओर से कहा गया है कि संघ के शताब्दी वर्ष में वैश्विक स्तर पर संपर्क और संवाद बढ़ाने की दृष्टि से यह दौरा महत्वपूर्ण है।

एचएएफ ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी

विवाद के बीच अमेरिका स्थित गैर-लाभकारी संस्था हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (एचएएफ) ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए सुरक्षा सलाह जारी की है। फाउंडेशन ने लोगों से सतर्क रहने, आसपास के माहौल पर नजर रखने और आपसी बातचीत के दौरान शालीनता बनाए रखने की अपील की है। बतौर एचएएफ यह एडवाइजरी उन एक्टिविस्टों के प्रयासों के बाद जारी की गई है, जो उसके अनुसार हिंदू अमेरिकियों को निशाना बनाकर कार्यक्रम को बाधित करने और इसे रद्द कराने की कोशिश कर रहे हैं। फाउंडेशन ने मेयर ममदानी से कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

Share this story