अफगानिस्तान : स्कूल के पास भीषण धमाके में 6 छात्रों की मौत, 97 घायल

WhatsApp Channel Join Now
अफगानिस्तान : स्कूल के पास भीषण धमाके में 6 छात्रों की मौत, 97 घायल


अफगानिस्तान : स्कूल के पास भीषण धमाके में 6 छात्रों की मौत, 97 घायल


काबुल, 28 नवंबर (हि.स.)। अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार प्रांत में शनिवार सुबह एक स्कूल के पास हुए जोरदार धमाके में छह छात्रों की मौत हो गई, जबकि 97 अन्य घायल हाे गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों और घायलों की संख्या शुरुआती है और जांच के बाद इसमें बदलाव हो सकता है।

अंतराष्ट्रीय मीडिया अल जजीरा के अनुसार, कुनार प्रांतीय अस्पताल के प्रमुख मौला दाद ने बताया कि धमाके में 6 छात्रों की मौत हुई है और 97 लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज जारी है और फिलहाल ये शुरुआती आंकड़े हैं।

कुनार के सूचना एवं संस्कृति विभाग के निदेशक मौलवी समी-उल-हक के अनुसार, धमाका शनिवार सुबह करीब 10 बजे पूर्वी अफगानिस्तान के कुनार प्रांत के सेर इलाके में एक मिडिल स्कूल के पास स्थित घर में हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, जिस घर में विस्फोट हुआ, उसका इस्तेमाल खनन कार्य से जुड़े लोग कर रहे थे। बताया गया है कि वहां खनन में इस्तेमाल होने वाला विस्फोटक जमा करके रखा गया था।

हालांकि, विस्फोट की सटीक वजह और उसमें इस्तेमाल सामग्री को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय प्रशासन ने भी घटना में हुए कुल नुकसान के बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।

पाकिस्तान की सीमा से लगे कुनार प्रांत में जांच टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। अधिकारी विस्फोट के कारणों और हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना के बारे में और जानकारी सामने आ सकती है।

गौरतलब है कि इसी साल अगस्त में राजधानी काबुल के एक स्कूल परिसर में हैंड ग्रेनेड हमला हुआ था, जिसमें 9 से 14 साल की उम्र के 40 से अधिक बच्चे घायल हो गए थे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784598 Articles

Share this story