इस्लामाबाद में दर्ज 567 यौन शोषण के मामलों में 93 लड़के और 108 लड़कियां पीड़ित
इस्लामाबाद (पाकिस्तान), 20 अगस्त (हि.स.)। पाकिस्तान के आंतरिक मंत्रालय ने मंगलवार को खुलासा किया कि जनवरी, 2021 से जून, 2025 के बीच इस्लामाबाद में दर्ज 567 यौन शोषण के मामलों में 201 बच्चों से जुड़े थे। सीनेटर शहादत अवान को लिखित जवाब में मंत्रालय ने बताया कि पीड़ितों में 93 लड़के और 108 लड़कियां थीं।
द इंटरनेशनल न्यूज अखबार की खबर के अनुसार मंत्रालय ने लिखिति जवाब में कहा कि इन मामलों में कुल 222 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। अब तक केवल 12 को ही दोषी ठहराया गया है, जबकि 163 पर अभी भी मुकदमा चल रहा है। 15 को बरी कर दिया गया है और 26 अभी भी फरार हैं।
गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने सदन को सूचित किया कि जोनल पुलिस अधीक्षक के माध्यम से इस्लामाबाद के सभी पुलिस थानों से प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार, 1 जनवरी 2021 से 20 जून 2025 की अवधि के दौरान दुष्कर्म के कुल 567 मामले दर्ज किए गए और 625 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि 567 मामलों में से 485 में चालान पेश किया गया, 80 आरोपितों को दोषी ठहराया गया। 23 को बरी कर दिया गया और 406 मामलों में आरोपित अभी भी सक्षम अदालतों में मुकदमे का सामना कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

