मालदीव के राष्ट्रपति पाकिस्तान की तीन दिवसीय यात्रा पर इस्लामाबाद पहुंचे
इस्लामाबाद (पाकिस्तान), 21 अक्टूबर (हि.स.)। मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू मंगलवार रात यहां पहुंचे। वह प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के निमंत्रण पर तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर आए हैं। मालदीव के राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी साजिदा मोहम्मद और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। इस्लामाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति मुइज्जू और उनकी पत्नी का आधिकारिक स्वागत किया गया। उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई।
द न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास पर आज डॉ. मुइज्जू का आधिकारिक स्वागत किया जाएगा। मालदीव के राष्ट्रपति 20 से 22 अक्टूबर तक पाकिस्तान की राजकीय यात्रा पर हैं।राष्ट्रपति मुइज्जू पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मुलाकात करेंगे। वह उनके सम्मान में राजकीय भोज भी आयोजित करेंगे।
विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ने पहले बताया था कि दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। साथ ही, वे व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, कृषि, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। वे आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा करेंगे।
बयान में कहा गया है, इस यात्रा के दौरान 'पाकिस्तान-मालदीव बिजनेस फोरम' का भी आयोजन किया जाएगा। मालदीव के किसी राष्ट्रपति की 11 वर्षों में पाकिस्तान की यह पहली राजकीय यात्रा है। प्रवक्ता के अनुसार, यह यात्रा दोनों देशों की उस साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसका उद्देश्य उनकी द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करना तथा आपसी लाभ वाले सहयोग के नए रास्ते खोलना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

