हांगकांग में 'फिल्मार्ट', 'एंटरटेनमेंट पल्स का शुभारंभ, रिकॉर्ड अंतरराष्ट्रीय भागीदारी
हांगकांग, 18 मार्च (हि.स.)। हांगकांग व्यापार विकास परिषद द्वारा आयोजित 30वां 'हांगकांग अंतरराष्ट्रीय फिल्म और टीवी बाजार (फिल्मार्ट)' तथा 'एंटरटेनमेंटपल्स' मंगलवार को यहां के हांगकांग कन्वेंशन और प्रदर्शनी केंद्र में शुरू हुआ जिसमें 38 देशों के करीब आठ सौ फिल्मकार अपनी कृतियों के साथ भाग ले रहे हैं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एकेडमी एनीमेशन में एआई के प्रयाेग को लेकर 18 कार्यशालाएं आयोजित करेगी।
चार दिवसीय यह आयोजन वैश्विक फिल्म और मनोरंजन उद्योग के नेताओं को एक मंच पर लाकर नई प्रस्तुतियों, अत्याधुनिक तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के अवसरों पर चर्चा को बढ़ावा देगा।
उद्घाटन समारोह में एचकेएसएआर प्रशासन के मुख्य सचिव चान क्वोक की, संस्कृति, खेल और पर्यटन सचिव रोसन्ना लॉ, एचकेटीडीसी अध्यक्ष प्रोफेसर फ्रेडरिक मा सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि उपस्थित थे। इस वर्ष का आयोजन विशेष है क्योंकि यह फिल्मार्ट का 30वां संस्करण और हांगकांग अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की 50वींं वर्षगांठ है।
एचकेटीडीसी अध्यक्ष प्रोफेसर फ्रेडरिक मा ने कहा, ”फिल्मार्ट एशिया का अग्रणी मनोरंजन सामग्री बाज़ार बन चुका है। इस बार 38 देशों और क्षेत्रों से 790 से अधिक प्रदर्शक भाग ले रहे हैं, जो लगभग 50 देशों के 7,700 व्यावसायिक आगंतुकों से जुड़ेंगे।”
इस वर्ष बेल्जियम, म्यांमार, पोलैंड, श्रीलंका और उज्बेकिस्तान जैसे नए देशों ने पहली बार भाग लिया है। चीन की प्रमुख कंपनियां - टेन्सेंट वीडियो, बिलिबिली, आईक्यूआयी और योउकू भी अपनी प्रस्तुतियों के साथ मौजूद हैं। हांगकांग की स्थानीय कंपनियां जैसे सिल-मेट्रोपोल ऑर्गनाइजेशन और मेई आह एंटरटेनमेंट वर्चुअल रियलिटी और एआई आधारित नवीनतम प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान 40 से अधिक सत्र आयोजित होंगे, जिनमें “अंतरराष्ट्रीय संचार सहयोग और नवाचार पर मंच” तथा “इंटरनेशनल शॉर्ट ड्रामा एसोसिएशन 2026 एशियाई मंच” प्रमुख आकर्षण हैं। इसके अलावा 'प्रोड्यूसर्स कनेक्ट' के माध्यम से सीमा-पार सह-निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा, जिसमें 100 से अधिक निर्माता शामिल होंगे।
एआई हब विशेष ध्यान आकर्षित कर रहा है जहां अलीबाबा क्लाउड, मिनीमैक्स और वीडू जैसी कंपनियां एआई जनित सामग्री और एनीमेशन में अपनी नवीनतम तकनीकी उपलब्धियां प्रस्तुत कर रही हैं। साथ ही एआई अकादमी के तहत 18 कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जिनमें फिल्म निर्माण प्रक्रिया में एआई के व्यावहारिक उपयोग पर चर्चा होगी।
एंटरटेनमेंटपल्स का पांचवां संस्करण फिल्म वित्तपोषण, अंतरराष्ट्रीय सह-निर्माण और लघु नाटकों के वैश्विक विस्तार पर केंद्रित है। गोल्डफिंच इंटरनेशनल, ईस्ट वेस्ट बैंक और सीएमसी पिक्चर्स जैसी संस्थाओं के प्रतिनिधि एशियाई फिल्म उद्योग में निवेश और वित्तपोषण की रणनीतियों पर विचार साझा करेंगे।
इस आयोजन ने हांगकांग को वैश्विक मनोरंजन उद्योग के केंद्र के रूप में पुनः स्थापित किया है, जहां नई साझीदारियां, तकनीकी नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

