अपनी बायोपिक को लेकर युवराज सिंह ने खोले राज

WhatsApp Channel Join Now
अपनी बायोपिक को लेकर युवराज सिंह ने खोले राज


मुंबई, 31 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने अपनी बहुप्रतीक्षित बायोपिक को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। मैदान पर अपने दमदार प्रदर्शन से पहचान बनाने वाले युवराज ने बताया कि उनकी जिंदगी पर बनने वाली फिल्म की पटकथा पर पिछले छह महीनों से काम चल रहा है।

क्रिकेटर युवराज ने उम्मीद जताई कि अगले 9 से 12 महीनों में स्क्रिप्ट पूरी हो जाएगी और सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो अगले साल फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है। इस बायोपिक का निर्माण भूषण कुमार और 'सचिन: ए बिलियन ड्रीम्स' के निर्माता रवि भगचांदका कर रहे हैं।

दिए एक इंटरव्यू में युवराज ने अपने क्रिकेट करियर, फिटनेस और कैंसर से लड़ाई के दिनों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य से बढ़कर कुछ नहीं है। एक समय वह अपनी बीमारी के बारे में बात करने से डरते थे, क्योंकि उन्हें आशंका थी कि इससे उनका क्रिकेट करियर खत्म हो सकता है। हालांकि, बीमारी से जंग जीतकर मैदान पर वापसी करने का उनका सफर आज कई लोगों के लिए प्रेरणा बन चुका है।

युवराज ने मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहद महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना है कि मुश्किल समय में अपनी परेशानियां परिवार और दोस्तों के साथ शेयर करनी चाहिए। अपनों से बातचीत करने से कठिन परिस्थितियों का सामना करने की ताकत मिलती है।

गौरतलब है कि युवराज सिंह ने अपने क्रिकेट करियर में कई यादगार उपलब्धियां हासिल की हैं। 2007 के टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के जड़कर उन्होंने इतिहास रचा था। इसके बाद 2011 के विश्व कप में भी वह भारतीय टीम की जीत के बड़े नायक बने थे। इसी दौरान कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से उनकी लड़ाई ने उनके जीवन को एक नया मोड़ दिया। अब उनकी बायोपिक के जरिए उनके क्रिकेट करियर की उपलब्धियों के साथ-साथ संघर्ष और निजी जीवन के अनदेखे पहलुओं को भी बड़े पर्दे पर दिखाए जाने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story