'वेलकम टू द जंगल' का ट्रेलर रिलीज

WhatsApp Channel Join Now
'वेलकम टू द जंगल' का ट्रेलर रिलीज


'वेलकम टू द जंगल' का ट्रेलर रिलीज


अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। अहमद खान के निर्देशन में बनी यह फिल्म सुपरहिट 'वेलकम' फ्रेंचाइजी की तीसरी कड़ी है। चार मिनट से अधिक लंबे ट्रेलर में कॉमेडी, एक्शन और मनोरंजन का भरपूर तड़का देखने को मिल रहा है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी, राजपाल यादव, तुषार कपूर और जैकी श्रॉफ समेत कई सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

ट्रेलर की शुरुआत परेश रावल के किरदार से होती है, जो एक फिल्म बनाने का सपना देखते हैं। इसके बाद सभी कलाकारों की एंट्री होती है और कहानी जंगल में शुरू होने वाली फिल्म की शूटिंग के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है। ट्रेलर में अक्षय कुमार अपने चिर-परिचित अंदाज में जबरदस्त एक्शन और कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का मनोरंजन करते दिख रहे हैं। वहीं सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ और अन्य कलाकारों के मजेदार संवाद ट्रेलर को और भी दिलचस्प बनाते हैं।

कॉमेडी, भ्रम, उथल-पुथल और रोमांच से भरपूर ट्रेलर ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। निर्माताओं को उम्मीद है कि 'वेलकम टू द जंगल' फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों की तरह दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी। बड़े स्टारकास्ट और भव्य प्रस्तुति से सजी यह फिल्म 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story