'तुझसे बिछड़ के' में छलका वीर पहाड़िया का दर्द, 'प्रेम कीटाणु' का नया गाना रिलीज
मुंबई, 30 सितंबर (हि.स.)। अभिनेता वीर पहाड़िया की आगामी फिल्म 'प्रेम कीटाणु' का नया गाना 'तुझसे बिछड़ के' रिलीज हो गया है। वीर पहाड़िया और आफिया सैयद पर फिल्माए गए इस हार्टब्रेक ट्रैक में प्यार, जुदाई और टूटे रिश्ते का दर्द देखने को मिलता है। फिल्म में अब तक वीर का रोमांटिक और मस्तीभरा अंदाज नजर आया है, लेकिन इस गीत में उनका भावनात्मक पक्ष सामने आता है। गाने के जरिए उनके किरदार की उलझन और रिश्ते में आई दूरी को दिखाने की कोशिश की गई है।
'प्रेम कीटाणु' युवा प्रेम, दोस्ती और कॉलेज लाइफ के बीच रिश्तों की कहानी पेश करती है। ऐसे में 'तुझसे बिछड़ के' फिल्म की कहानी में भावनात्मक गहराई जोड़ता है। ट्रेलर में भी इस गीत की झलक देखने को मिली थी। गाने को मधुर शर्मा ने आवाज दी है, जबकि संगीत राहुल मिश्रा ने तैयार किया है और इसके बोल मीर ने लिखे हैं। गीत के दृश्यों में वीर और आफिया के बीच प्यार के साथ-साथ जुदाई की कसक को भी उभारा गया है।
अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी 'प्रेम कीटाणु' में वीर पहाड़िया के साथ आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय प्रमुख भूमिकाओं में हैं। गौरव वर्मा द्वारा अवनिका फिल्म्स के बैनर तले निर्मित यह फिल्म कॉमेडी, रोमांस और कॉलेज लाइफ के साथ रिश्तों के भावनात्मक पहलुओं को भी सामने लाती है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।----------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

