भक्ति भाव से साकार होगी 'वाल्मीकि रामायण', पोस्टर लॉन्च के साथ हुआ ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
भक्ति भाव से साकार होगी 'वाल्मीकि रामायण', पोस्टर लॉन्च के साथ हुआ ऐलान


पौराणिक महागाथा के सिनेमाई रूपांतरण 'वाल्मीकि रामायण' की आधिकारिक घोषणा पोस्टर लॉन्च के साथ कर दी गई। इस भव्य थिएट्रिकल फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक भावना तलवार करेंगी।

फिल्म की खास बात यह है कि इसमें फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गज तकनीकी विशेषज्ञ एक साथ जुड़े हैं। प्रोडक्शन डिजाइनर साबू सिरिल, लेखक और स्क्रीनराइटर आनंद नीलकंठन, सिनेमैटोग्राफर बिनोद प्रधान और पद्मश्री एवं ऑस्कर विजेता साउंड डिजाइनर रेसुल पूकुट्टी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं। इसके अलावा पद्मश्री सम्मानित चंद्रप्रकाश द्विवेदी को फिल्म का क्रिएटिव कंसल्टेंट बनाया गया है, जो कहानी की प्रामाणिकता और उसके स्वरूप की निगरानी करेंगे।

निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित मूल ग्रंथ पर आधारित एक सच्ची और निष्ठापूर्ण प्रस्तुति होगी। इसका उद्देश्य मूल कथा और उसके दार्शनिक पहलुओं को बिना बदलाव के उसी भाव में दर्शकों तक पहुंचाना है। हालांकि 'वाल्मीकि रामायण' एक थिएट्रिकल फिल्म होगी, लेकिन इसमें आधुनिक फिल्म निर्माण तकनीकों, डिजिटल वर्कफ्लो और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग किया जाएगा, ताकि कहानी को भव्य और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story