टीकू तलसानिया और पूजा जोशी की ‘देवी विज्ञानम्’ का जयपुर में ट्रेलर लॉन्च

WhatsApp Channel Join Now
टीकू तलसानिया और पूजा जोशी की ‘देवी विज्ञानम्’ का जयपुर में ट्रेलर लॉन्च


टीकू तलसानिया और पूजा जोशी की ‘देवी विज्ञानम्’ का जयपुर में ट्रेलर लॉन्च


जयपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। आस्था की शक्ति, सनातन संस्कृति की विरासत और विज्ञान की दुनिया के अनूठे मेल पर आधारित हिंदी फिल्म ‘देवी विज्ञानम्’ का आधिकारिक ट्रेलर जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित समारोह में लॉन्च किया गया। इस मौके पर राजनीति, आध्यात्मिक जगत और समाजसेवा से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक बालमुकुंद आचार्य, आध्यात्मिक गुरु स्वामी अवधेशानंद गिरि, आध्यात्मिक गुरु एवं चिकित्सक कर्णी प्रताप सिंह और समाजसेवी मनीष रिनवा शामिल हुए। अतिथियों ने फिल्म की टीम को शुभकामनाएं देते हुए आस्था, सनातन संस्कृति और वैज्ञानिक सोच जैसे विषयों को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने की पहल की सराहना की।

इस अवसर पर फिल्म के कलाकार टिकू तलसानिया, पूजा जोशी, के. आर्यवर्धन और चेतन धनानी के साथ निर्देशक कर्तव्य शाह तथा किंग प्रोडक्शन हाउस की टीम मौजूद रही।

वासुदेव देवनानी ने कहा कि फिल्म अध्यात्म और विज्ञान के आपसी संबंध को समझने का अवसर देगी। वहीं, रविंद्र सिंह भाटी ने फिल्म निर्माण में टीम की करीब एक साल की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यह फिल्म सनातन संस्कृति और आस्था को आगे बढ़ाने की दिशा में सराहनीय प्रयास है।

कलाकारों ने साझा किए अनुभव

फिल्म में काम करने के अनुभव को साझा करते हुए टिकू तलसानिया ने कहा कि ‘देवी विज्ञानम्’ ने उन्हें एक अलग और सोचने पर मजबूर करने वाले विषय से जुड़ने का अवसर दिया। उन्हें उम्मीद है कि दर्शक फिल्म की कहानी को पसंद करेंगे।

पूजा जोशी ने कहा कि फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। इसकी कहानी भारतीय संस्कृति और मान्यताओं से जुड़े विषयों को सामने लाती है। वहीं, के. आर्यवर्धन ने इसे अपने लिए खास और सीखने वाला अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म में दर्शकों को सोचने और कहानी से जुड़ने के कई दिलचस्प पहलू मिलेंगे।

फिल्म ‘देवी विज्ञानम्’ में आस्था, अध्यात्म, प्राचीन परंपराओं और वैज्ञानिक सोच के बीच संबंधों को नए सिनेमाई अंदाज में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771893 Articles

Share this story