जिम्मी शेरगिल और प्रनूतन बहल की 'प्यादे' का ट्रेलर जारी, सामने आई कहानी की झलक

WhatsApp Channel Join Now
जिम्मी शेरगिल और प्रनूतन बहल की 'प्यादे' का ट्रेलर जारी, सामने आई कहानी की झलक


मुंबई, 28 नवंबर (हि.स.)। अभिनेता जिम्मी शेरगिल और प्रनूतन बहल की आगामी फिल्म 'प्यादे' का ट्रेलर मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जारी किया गया। शाइनिंग मून पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर दोनों मुख्य कलाकारों के साथ लेखक-निर्देशक शेखर एस. झा और निर्माता रिंकू सिंह भी मौजूद रहे। ट्रेलर में फिल्म के किरदारों और उनकी दुनिया की झलक देखने को मिली है। हालांकि, कहानी के कई पहलुओं को अभी पर्दे में रखा गया है।

ट्रेलर में जिम्मी शेरगिल अपने परिचित दमदार अंदाज में दिखाई दे रहे हैं, जबकि प्रनूतन बहल अपने किरदार के जरिए कहानी में अलग रंग जोड़ती नजर आती हैं। जिम्मी ने कहा कि ‘प्यादे’ उनके लिए खास अनुभव रहा और इस फिल्म ने उन्हें एक अलग तरह का किरदार निभाने का अवसर दिया। वहीं, प्रनूतन ने जिम्मी के साथ काम करने को सीखने का अच्छा मौका बताया। उन्होंने कहा कि इस भूमिका ने उन्हें एक अभिनेता के रूप में खुद के नए पहलू को समझने का अवसर दिया।

निर्देशक शेखर एस. झा ने बताया कि यह कहानी उनके दिल के करीब रही है और इसे पर्दे पर उतारना उनके लिए खास अनुभव है। उन्होंने जिम्मी और प्रनूतन के अभिनय की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार जताया। निर्माता रिंकू सिंह के मुताबिक, फिल्म को बनाने में पूरी टीम ने मेहनत और जुनून के साथ काम किया है। ट्रेलर रिलीज के साथ फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाने की कोशिश की गई है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784546 Articles

Share this story