'देवी विज्ञानम' का ट्रेलर रिलीज, 4 दिसंबर को देशभर के सिनेमाघरों में आएगी
मुंबई, 04 नवंबर (हि.स.)। आस्था, अध्यात्म, सनातन संस्कृति और विज्ञान के रिश्ते को दर्शाने वाली हिंदी फिल्म 'देवी विज्ञानम' का ट्रेलर जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में जारी किया गया। इस मौके पर फिल्म के कलाकार टीकू तलसानिया, पूजा जोशी, के. आर्यवर्धन और चेतन धनानी के साथ निर्देशक कर्तव्य शाह तथा किंग प्रोडक्शन हाउस की टीम मौजूद रही।
निर्देशक कर्तव्य शाह ने बताया कि फिल्म के जरिए आस्था, सांस्कृतिक विरासत और वैज्ञानिक सोच के बीच के संबंध को नए अंदाज में प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है। उनका उद्देश्य ऐसी कहानी पेश करना है, जो दर्शकों को सोचने और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने के लिए प्रेरित करे। वहीं, टीकू तलसानिया ने कहा कि फिल्म का विषय उनके लिए अलग और विचारोत्तेजक रहा। पूजा जोशी ने भी इसे अपने करियर का यादगार अनुभव बताते हुए उम्मीद जताई कि दर्शक इसकी कहानी और भावनाओं से जुड़ेंगे।
किंग प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन कर्तव्य शाह ने किया है। फिल्म में टीकू तलसानिया, पूजा जोशी, के. आर्यवर्धन और चेतन धनानी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। निर्माताओं के अनुसार, 'देवी विज्ञानम' 4 दिसंबर को देशभर के सिनेमाघरों में पैन इंडिया स्तर पर रिलीज
होगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

