अमित साध की 'प्रताप' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज़

WhatsApp Channel Join Now
अमित साध की 'प्रताप' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज़


अमित साध की 'प्रताप' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज़


मुंबई, 26 अक्टूबर (हि.स.)। अमित साध और ईशा देओल अभिनीत आगामी फिल्म 'प्रताप' का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। सचिन सराफ के लेखन और निर्देशन में बनी इस एक्शन-ड्रामा फिल्म में अमित साध एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। अपराधियों को कानून के कटघरे तक पहुंचाने वाले इस अधिकारी की जिंदगी उस समय बदल जाती है, जब वह खुद सलाखों के पीछे पहुंच जाता है। ट्रेलर में उसके अतीत, वर्तमान और बदलती परिस्थितियों की झलक दिखाई गई है।

ट्रेलर में प्रताप के जीवन में आए इस अप्रत्याशित मोड़ के साथ कई सवाल खड़े होते हैं। आखिर किन परिस्थितियों में एक सम्मानित पुलिस अधिकारी को जेल जाना पड़ता है और वहां उसे किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है? फिल्म में एक्शन, टकराव और भावनात्मक उतार-चढ़ाव के जरिए इस कहानी को आगे बढ़ाया गया है। अमित साध के साथ ईशा देओल, सीमा बिस्वास, तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुणाजी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

अमित साध के मुताबिक, प्रताप का किरदार उन्हें इसलिए आकर्षित कर गया, क्योंकि यह एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है, जिसने पूरी जिंदगी कानून लागू किया, लेकिन एक दिन खुद कानून के दूसरी तरफ खड़ा हो गया। ईशा देओल ने भी फिल्म की कहानी को कई परतों वाला बताया।

निर्देशक सचिन सराफ के अनुसार, फिल्म फैसलों, उनके परिणामों और सही-गलत के बीच की बारीक रेखा को दिखाती है। प्रदीप रंगवानी द्वारा निर्मित और यूवी फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत 'प्रताप' 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767050 Articles

Share this story