तनिशा मुखर्जी की पांच साल बाद वापसी, नई फिल्म में आएंगी नजर

WhatsApp Channel Join Now
तनिशा मुखर्जी की पांच साल बाद वापसी, नई फिल्म में आएंगी नजर


मुंबई, 02 अक्टूबर (हि.स.)। अभिनेत्री तनिशा मुखर्जी करीब पांच साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। वह निर्देशक कपिल कौस्तुभ शर्मा की फिल्म 'जिंदगी फिर भी खूबसूरत है' में नजर आएंगी। मुंबई की पारसी कम्युनिटी की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म 1990 के दशक से 2025 तक का सफर तय करती है। कहानी में बदलते समय के साथ रिश्तों, भावनाओं और जिंदगी के अलग-अलग पहलुओं को रोमांस और हास्य के साथ पेश किया जाएगा।

फिल्म में तनिशा का किरदार जिंदगी के विभिन्न पड़ावों से गुजरता है। निर्देशक कपिल के मुताबिक, इस भूमिका के लिए तनिशा को उनकी भावनात्मक गहराई और किरदार को अलग-अलग उम्र में निभाने की क्षमता के चलते चुना गया। फिल्म की प्रामाणिकता के लिए दक्षिण मुंबई और दादर पारसी कॉलोनी के वास्तविक पारसी घरों में शूटिंग की गई है। कपिल ने पारसी समुदाय के लोगों के साथ मिलकर उनकी संस्कृति और जीवनशैली को समझने की कोशिश की है।

फिल्म में तनिशा के साथ सुष्मिता मुखर्जी, कितू गिडवानी, डेलनाज ईरानी, तनाज ईरानी, डॉली ठाकोर और अनन्या दत्ता समेत कई कलाकार नजर आएंगे। कपिल फिल्म के लेखक, निर्देशक और निर्माता होने के साथ इसमें अभिनय भी कर रहे हैं। फिल्म का नाम 1978 की 'खट्टा मीठा' के चर्चित गीत से प्रेरित है। 'जिंदगी फिर भी खूबसूरत है' को सिनेमाघरों में रिलीज से पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में भी प्रदर्शित करने की तैयारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story