फैंस का इंतजार खत्म, 'बिग बॉस 20' की तारीख तय
टेलीविजन का लोकप्रिय रियलिटी शो 'बिग बॉस' एक बार फिर नए अंदाज में दर्शकों के बीच लौटने जा रहा है। शो के होस्ट सलमान खान ने आधिकारिक प्रोमो जारी कर 'बिग बॉस 20' की स्ट्रीमिंग तारीख का ऐलान कर दिया है। यह नया सीजन 6 सितंबर 2026 से जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा। प्रोमो सामने आते ही सोशल मीडिया पर शो को लेकर उत्साह बढ़ गया है और फैंस नए सीजन से जुड़ी हर जानकारी जानने के लिए उत्सुक हैं।
जारी किए गए प्रोमो में सलमान खान घोड़े के साथ दमदार अंदाज में नजर आते हैं। वह कहते हैं, जो 'करण-अर्जुन' में हुआ था, वो अब बिग बॉस में दोबारा होगा। तथास्त टू। सलमान के इस संवाद ने शो की थीम को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है। 'करण-अर्जुन' फिल्म पुनर्जन्म और वापसी की कहानी पर आधारित थी, ऐसे में माना जा रहा है कि 'बिग बॉस 20' में भी पुराने चेहरों की वापसी देखने को मिल सकती है।
प्रोमो के साथ जारी कैप्शन 'एक से भले दो' भी इसी ओर इशारा करता है। पिछले कुछ समय से ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि नए सीजन में पूर्व प्रतियोगियों को दोबारा मौका दिया जा सकता है। हालांकि मेकर्स ने अभी प्रतियोगियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है, लेकिन प्रोमो ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि इस बार दर्शकों को कई पुराने और चर्चित चेहरे फिर से बिग बॉस के घर में देखने को मिल सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

