'हनुमान अंश' की कामयाबी से प्रभावित हुए सोनू सूद
फिल्म 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 40 दिन बाद भी फिल्म की कमाई जारी है और इसकी सफलता ने फिल्म जगत का ध्यान खींचा है। अभिनेता सोनू सूद ने फिल्म की कामयाबी की तारीफ करते हुए कहा कि यह साबित करती है कि किसी फिल्म को सफल बनाने के लिए बड़े बजट, बड़े सितारों या बड़े स्तर के प्रचार की जरूरत नहीं होती। अगर कहानी दर्शकों के दिल तक पहुंचने में कामयाब हो जाए तो फिल्म अपने दम पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकती है।
सोनू सूद ने कहा कि 'हनुमान अंश' की सफलता के पीछे सबसे बड़ी वजह इसकी कहानी और दर्शकों से उसका भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि फिल्म का अच्छा प्रदर्शन यह संदेश देता है कि दर्शक ऐसी कहानियों को पसंद करते हैं, जो सीधे उनकी भावनाओं और सोच से जुड़ती हैं। उनके मुताबिक, फिल्म की सफलता केवल कलाकारों के चेहरे, बजट या प्रचार पर निर्भर नहीं होती, बल्कि ऐसी विषयवस्तु पर निर्भर करती है, जो दर्शकों के दिल को छू सके। उन्होंने फिल्म के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए इसे फिल्म जगत के लिए महत्वपूर्ण संकेत बताया।
सोनू सूद ने फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को 'हनुमान अंश' की सफलता से सीख लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अब केवल ग्लैमर और बड़े सितारों के सहारे फिल्में बनाने के बजाय ऐसी कहानियों पर ध्यान देना चाहिए, जिनसे दर्शक खुद को जोड़ सकें। उनका मानना है कि दर्शकों के साथ भावनात्मक रिश्ता बनाने वाली फिल्में ही लंबे समय तक याद रहती हैं। 'हनुमान अंश' की सफलता इसी बात का उदाहरण है कि मजबूत कहानी और दर्शकों से जुड़ाव किसी भी फिल्म के लिए सबसे बड़ी ताकत बन सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

