'ईठा' के लिए श्रद्धा कपूर ने की खास तैयारी, लावणी की बारीकियां सीखने के लिए कलाकारों से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
'ईठा' के लिए श्रद्धा कपूर ने की खास तैयारी, लावणी की बारीकियां सीखने के लिए कलाकारों से की मुलाकात


'ईठा' के लिए श्रद्धा कपूर ने की खास तैयारी, लावणी की बारीकियां सीखने के लिए कलाकारों से की मुलाकात


मुंबई, (हि.स.)। अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी आगामी फिल्म 'ईठा' में लावणी कलाकार की भूमिका निभाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। फिल्म के गाने 'जी जी रे जी' के लॉन्च के दौरान श्रद्धा ने बताया कि इस पारंपरिक नृत्य शैली को सीखने के लिए उन्होंने खास तरह मेहनत की।

फिल्म साइन करते समय उन्हें लावणी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन उन्होंने कई डांस वर्कशॉप में हिस्सा लेने के साथ लावणी और तमाशा कलाकारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ कलाकार शकुंतला जी से भी मार्गदर्शन लिया और लावणी की सांस्कृतिक पहचान तथा भावनात्मक पहलुओं को समझने की कोशिश की।

श्रद्धा ने बताया कि शकुंतला जी से मुलाकात ने उन्हें लावणी को एक अलग नजरिए से समझने में मदद की। उन्होंने सिखाया कि इस नृत्य में केवल कदमों की थिरकन ही नहीं, बल्कि चेहरे के भाव भी बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। तमाशा कलाकार अपने जीवन के सुख-दुख को भी अपनी प्रस्तुतियों के जरिए जाहिर करते हैं। श्रद्धा के मुताबिक, शकुंतला जी ने उन्हें समझाया था कि पैरों से नृत्य करना अभ्यास से सीखा जा सकता है, लेकिन चेहरे के जरिए भावनाओं को व्यक्त करने के लिए उस कला की आत्मा को समझना जरूरी है। अपनी तैयारी के दौरान श्रद्धा ने प्रत्येक पैर में चार किलो के घुंघरू बांधकर घंटों अभ्यास किया।

श्रद्धा की मेहनत की झलक फिल्म के गाने 'जी जी रे जी' में देखने को मिल रही है। गाने में उनके हाव-भाव और लावणी के पारंपरिक अंदाज को दर्शकों की सराहना मिल रही है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने इस गाने को संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं और श्रेया घोषाल ने आवाज दी है। वैभवी मर्चेंट ने इसकी कोरियोग्राफी की है। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म के निर्माता दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा हैं। 'ईठा' 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779174 Articles

Share this story