वायरल वीडियो को लेकर शाहरुख खान ने दिखाई सख्ती

WhatsApp Channel Join Now
वायरल वीडियो को लेकर शाहरुख खान ने दिखाई सख्ती


मुंबई, 26 नवंबर (हि.स.)। अभिनेता शाहरुख खान की लीगल टीम ने सोशल मीडिया पर वायरल एक रील को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इस रील में अनंत अंबानी और आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु के साथ शाहरुख की बातचीत को लेकर कथित तौर पर भ्रामक दावे किए गए थे। अभिनेता की टीम ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सुविज्ञ शर्मा को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजकर 48 घंटे के भीतर वीडियो हटाने की मांग की है। नोटिस में रील में किए गए दावों को झूठा, गुमराह करने वाला और अभिनेता की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया गया है।

यह विवाद मुंबई में आयोजित 'ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026' से जुड़ी कुछ वीडियो क्लिप को लेकर शुरू हुआ। सोशल मीडिया पर शेयर की गई रील में दावा किया गया था कि अनंत अंबानी के साथ बातचीत के दौरान शाहरुख खान को चुप रहने के लिए कहा गया। अभिनेता की लीगल टीम ने इस दावे को निराधार बताते हुए कहा कि बिना किसी प्रमाण के इस तरह की सामग्री प्रसारित करना उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचा सकता है। 23 नवंबर को भेजे गए नोटिस में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 356 का हवाला देते हुए वीडियो हटाने के साथ उससे जुड़े कैप्शन और बयानों को भी सुधारने तथा इसे आगे साझा नहीं करने की मांग की गई है।

नोटिस मिलने के बाद सुविज्ञ शर्मा ने एक अन्य वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी और शाहरुख खान पर पलटवार किया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर किसी ने कथित तौर पर अभिनेता को चुप रहने के लिए कहा था, तो क्या वह उनकी बेइज्जती नहीं थी? इन्फ्लुएंसर ने यह भी कहा कि उनकी रील से शाहरुख की बेइज्जती हुई है। दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर कई प्रशंसक अभिनेता का समर्थन कर रहे हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर दोनों पक्षों की प्रतिक्रियाएं चर्चा में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story