15 साल बाद फिर साथ आए शाहरुख खान और करीना कपूर, नए गाने में दिखा स्वैग
मुंबई, 28 नवंबर (हि.स.)। शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' का नया गाना 'डैडी कूल (किंग वर्जन)' रिलीज हो गया है। इस गाने में शाहरुख खान के साथ करीना कपूर खान भी नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि दोनों कलाकार करीब 15 साल बाद एक बार फिर पर्दे पर साथ दिखाई दे रहे हैं। गाने में दोनों की शानदार केमिस्ट्री और डांस मूव्स देखने को मिल रहे हैं। इससे पहले फिल्म के गाने 'तू मिल जाए' में शाहरुख का रोमांटिक अंदाज और एक्शन अवतार सामने आया था।
बोनी एम. के लोकप्रिय गाने 'डैडी कूल' को नए बॉलीवुड अंदाज में तैयार किया गया है। सचिन-जिगर ने इसका संगीत तैयार किया है, जबकि अरिजीत सिंह और शिल्पा राव ने आवाज दी है। गाने के हिंदी बोल कुमार ने लिखे हैं और इसकी कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की है। शाहरुख अपने खास अंदाज में डांस करते नजर आ रहे हैं, वहीं करीना अपने स्टाइल और अंदाज से गाने में चार चांद लगाती हैं। मूल गाने की पहचान बरकरार रखते हुए इसमें नए संगीत और धुनों का मेल किया गया है।
'डैडी कूल (किंग वर्जन)' का अनावरण मेटा के कार्यक्रम 'हाउस ऑफ इंस्टाग्राम 2026' में किया गया, जिसमें देश के 700 से अधिक कंटेंट क्रिएटर्स शामिल हुए। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी 'किंग' का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने किया है। फिल्म 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। गाना जी म्यूजिक कंपनी और टी-सीरीज के यूट्यूब चैनलों पर उपलब्ध है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

