मोहित चौहान की गायकी पर भावुक हुए सलमान, पिता की यादों में खोए अभिनेता

WhatsApp Channel Join Now
मोहित चौहान की गायकी पर भावुक हुए सलमान, पिता की यादों में खोए अभिनेता


मुंबई, 09 नवंबर (हि.स.)। रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' के आगामी 'वीकेंड का वार' एपिसोड में दर्शकों को एक भावुक पल देखने को मिलेगा। शो के नए प्रोमो में सुपरस्टार सलमान खान अपने पिता और दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान की प्रशंसा से भावुक होते नजर आ रहे हैं।

दरअसल, इस एपिसोड में मशहूर गायक मोहित चौहान मेहमान बनकर पहुंचेंगे। उन्होंने सलीम खान के प्रति सम्मान जाहिर करते हुए उनकी पुरानी फिल्म का एक गाना प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर सलमान की आंखें नम हो गईं।

प्रोमो में मोहित चौहान सलमान से कहते हैं कि वह उनके बहुत बड़े प्रशंसक हैं, लेकिन उनके पिता सलीम खान के और भी बड़े प्रशंसक हैं। इसके बाद वह वर्ष 1963 में आई फिल्म 'बचपन' का गीत 'मुझे तुमसे मोहब्बत है मगर मैं कह नहीं सकता' गाते हैं। इस फिल्म में सलीम खान ने अभिनेता के तौर पर काम किया था। उस समय उन्होंने पटकथा लेखक के रूप में अपनी पहचान नहीं बनाई थी। मोहित की इस प्रस्तुति ने सलमान को भावुक कर दिया। वह कुछ देर तक चुप रहे और अपनी आंखों में आए आंसुओं को छिपाने के लिए दूसरी ओर मुड़ गए।

सलमान खान और सलीम खान के बीच गहरा भावनात्मक रिश्ता रहा है। अभिनेता कई मौकों पर अपने पिता के प्रति प्यार और सम्मान जाहिर कर चुके हैं। हाल ही में 'बिग बॉस 20' के दौरान भी उन्होंने अपने पिता के साथ रिश्ते पर बात की थी। सलमान ने बताया था कि हाल में हुई बातचीत के दौरान उन्होंने बेटे के रूप में अपनी गलतियों के लिए पिता से माफी भी मांगी थी। ऐसे में मोहित चौहान की यह खास प्रस्तुति सलमान के लिए बेहद भावुक पल बन गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774330 Articles

Share this story