सलमान खान ने किया नई फिल्म का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
सलमान खान ने किया नई फिल्म का ऐलान


बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने अपनी अगली बड़ी फिल्म को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए आधिकारिक घोषणा करते हुए मशहूर निर्माता दिल राजू और निर्देशक वामशी पेडिपल्ली के साथ अपने नए प्रोजेक्ट का ऐलान किया है। इस घोषणा के बाद फैंस के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है।

सलमान ने अपने पोस्ट में लिखा, दिल, दिमाग और जिगर से... इस अप्रैल से निर्देशक वामशी और निर्माता दिल राजू के साथ। इस ट्वीट के जरिए उन्होंने साफ कर दिया कि फिल्म की शूटिंग इसी साल अप्रैल से शुरू हो जाएगी। वामशी पेडिपल्ली इससे पहले 'महर्षि' और 'वारिसु' जैसी सफल फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं, जबकि दिल राजू साउथ भारतीय सिनेमा के बड़े और सफल निर्माताओं में गिने जाते हैं।

इस फिल्म के साथ वामशी पेडिपल्ली बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं और खास बात यह है कि वह अपनी पहली हिंदी फिल्म में ही सलमान खान को निर्देशित करेंगे। इस प्रोजेक्ट का निर्माण दिल राजू के बैनर श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स के तहत किया जाएगा। बताया जा रहा है कि फिल्म का स्तर काफी भव्य होगा और इसकी कहानी सलमान को पहली ही बार में पसंद आ गई थी।

खबरों के मुताबिक, इस फिल्म में सलमान खान एक बिल्कुल नए और अनोखे अवतार में नजर आएंगे, जो उनके फैंस के लिए बड़ा सरप्राइज होगा। वहीं, अभिनेता इन दिनों फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर भी चर्चा में हैं, जो 2020 के गलवान घाटी संघर्ष से प्रेरित बताई जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story