'गांधारी' की रिलीज का ऐलान, तापसी पन्नू दिखेगा दमदार अवतार
अभिनेत्री तापसी पन्नू अब अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'गांधारी' के साथ दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार हैं। हाई-वोल्टेज एक्शन, क्राइम और बदले की कहानी पर आधारित इस थ्रिलर फिल्म का निर्देशन देवाशीष मखीजा ने किया है, जबकि इसकी कहानी कनिका ढिल्लों ने लिखी है। कनिका ढिल्लों के प्रोडक्शन हाउस कथा पिक्चर्स के बैनर तले बनी यह फिल्म सिनेमाघरों के बजाय सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। फिल्म का प्रीमियर 3 सितंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर होगा।
'गांधारी' में तापसी पन्नू एक मां की भूमिका निभा रही हैं, जो अपनी बेटी को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। कहानी मां-बेटी के गहरे और अटूट रिश्ते के साथ-साथ बदले और संघर्ष की भावनात्मक यात्रा को सामने लाएगी। फिल्म में तापसी का किरदार उनके अब तक के निभाए किरदारों से काफी अलग और चुनौतीपूर्ण बताया जा रहा है। अभिनेत्री फिल्म में जबरदस्त एक्शन करती भी नजर आएंगी।
फिल्म की स्टारकास्ट में तापसी के साथ इश्वाक सिंह, स्वास्तिका मुखर्जी, छाया कदम, जतिन सरना और मीता वशिष्ठ जैसे कलाकार शामिल हैं। ‘गांधारी’ का निर्देशन देवाशीष मखीजा ने किया है, जो अपनी गंभीर और प्रभावशाली कहानी कहने की शैली के लिए जाने जाते हैं। वहीं, कनिका ढिल्लों के लेखन और निर्माण ने फिल्म को लेकर उम्मीदें बढ़ाई हैं। तापसी को आखिरी बार 'अस्सी' में देखा गया था, जो इस साल की शुरुआत में रिलीज हुई थी। अब 'गांधारी' के जरिए वह एक्शन और इमोशन से भरपूर नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने वाली हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

