'प्यादे' के पोस्टर के साथ रिलीज तारीख से उठा पर्दा

WhatsApp Channel Join Now
'प्यादे' के पोस्टर के साथ रिलीज तारीख से उठा पर्दा


'प्यादे' के पोस्टर के साथ रिलीज तारीख से उठा पर्दा


मुंबई, 16 नवंबर (हि.स.)। अभिनेता जिमी शेरगिल और अध्ययन सुमन जल्द ही फिल्म 'प्यादे' में एक साथ नजर आएंगे। निर्माताओं ने फिल्म का पहला लुक पोस्टर जारी कर दिया है।

इसमें अभिनेता मोहनीश बहल की बेटी प्रनूतन बहल भी अहम भूमिका में दिखाई देंगी। प्रनूतन इससे पहले 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'नोटबुक' में काम कर चुकी हैं। शेखर एस झा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को रिंकू सिंह ने प्रोड्यूस किया है। इसका निर्माण शाइनिंग मून पिक्चर्स के बैनर तले किया गया है।

फिल्म का पोस्टर शतरंज की बिसात की तरह तैयार किया गया है। इसमें एक रहस्यमयी हाथ नजर आता है, जिससे बंधे धागे फिल्म के कलाकारों तक पहुंचते हैं। पोस्टर के जरिए संकेत दिया गया है कि सभी किरदार किसी मास्टरमाइंड के इशारे पर चल रहे हैं। इसके साथ दिए गए संदेश में कहा गया है कि ताकत, चालबाजी और दिमागी खेल का नया दौर शुरू होने वाला है। पोस्टर से फिल्म की कहानी में साजिश, सत्ता और जोड़-तोड़ की अहम भूमिका होने का अंदाजा मिलता है।

'प्यादे' को क्राइम, पुलिस और राजनीति के इर्द-गिर्द बुनी गई थ्रिलर फिल्म बताया जा रहा है। हालांकि, निर्माताओं ने अभी कहानी और कलाकारों के किरदारों से जुड़ी विस्तृत जानकारी शेयर नहीं की है। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब दर्शकों को इसके ट्रेलर और कहानी की अन्य जानकारियों का इंतजार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778177 Articles

Share this story