ईशा रिखी से अलग हुए रैपर बादशाह, तलाक का किया ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
ईशा रिखी से अलग हुए रैपर बादशाह, तलाक का किया ऐलान


मशहूर रैपर बादशाह और उनकी पत्नी ईशा रिखी ने शादी के महज पांच महीने बाद अपने रिश्ते को खत्म करने का ऐलान किया है। दोनों ने सोशल मीडिया पर एक संयुक्त पोस्ट साझा कर आपसी सहमति से अलग होने की जानकारी दी। इस खबर से उनके फैंस हैरान हैं। दोनों के रिश्ते में अनबन की खबरें पिछले कुछ समय से सामने आ रही थीं, हालांकि अब तक दोनों की ओर से इन अटकलों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी।

बादशाह और ईशा ने इंस्टाग्राम पर साझा बयान में कहा कि उन्होंने आपसी सहमति और सम्मान के साथ अलग-अलग रास्तों पर आगे बढ़ने का फैसला किया है। दोनों ने लोगों से इस मुश्किल समय में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले पर यह उनका एकमात्र बयान है और लोगों से उनके रिश्ते को लेकर किसी भी तरह की अटकलें या अनुमान नहीं लगाने का अनुरोध किया। हालांकि, दोनों के अलग होने की वजह का खुलासा नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि इसी साल मार्च में ईशा रिखी की मां पूनम रिखी ने सोशल मीडिया पर बेटी की शादी की तस्वीरें साझा की थीं, जिसके बाद दोनों के विवाह की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद जून में ईशा ने 'आस्क मी एनिथिंग' (एएमए) सेशन के दौरान बादशाह के साथ अपनी शादी की पुष्टि की थी। ऐसे में शादी के सिर्फ पांच महीने बाद दोनों के अलग होने की खबर ने फैंस को चौंका दिया है। लंबे समय से चल रही रिश्ते में अनबन की चर्चाओं के बीच अब दोनों ने आधिकारिक रूप से अपने रास्ते अलग करने की पुष्टि कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story