रणदीप हुड्डा ने बताया बेटी का नाम, दिखाई पहली झलक

WhatsApp Channel Join Now
रणदीप हुड्डा ने बताया बेटी का नाम, दिखाई पहली झलक


बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा और उनकी पत्नी लिन लैशराम 10 मार्च को अपनी बेटी के माता-पिता बने थे। बेटी के जन्म के एक महीने बाद अब इस जोड़े ने सोशल मीडिया पर उसकी पहली प्यारी तस्वीर शेयर की है और साथ ही उसके नाम का भी खुलासा किया है।

शेयर की गई तस्वीरों में लिन लैशराम अपनी नन्ही बेटी को गोद में लिए नजर आ रही हैं। एक अन्य तस्वीर में वह बेटी को प्यार से उठाए हुए उस पर स्नेह लुटाती दिख रही हैं। इन खूबसूरत पलों को फैंस के साथ साझा करते हुए अभिनेता ने बेटी के नाम का भी ऐलान किया।

रणदीप ने कैप्शन में लिखा, हमारी दुनिया का एक नया केंद्र… 'न्योमिक हुड्डा', दिव्य कृपा, स्वतंत्रता और आकाश के समान असीम। इसके साथ ही पोस्ट में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी शामिल है, जिसमें रणदीप और लिन अपनी बेटी का नाम प्यार से पुकारते हुए सुनाई दे रहे हैं।

गौरतलब है कि रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम ने नवंबर, 2023 में पारंपरिक मैतेई रीति-रिवाज से शादी की थी। अब बेटी के जन्म और उसके नाम के खुलासे के बाद फैंस इस जोड़े को जमकर बधाइयां दे रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story