'रामायण' के फुटेज लीक करने वालों पर होगी कार्रवाई, निर्माताओं ने दी चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
'रामायण' के फुटेज लीक करने वालों पर होगी कार्रवाई, निर्माताओं ने दी चेतावनी


'रामायण' के फुटेज लीक करने वालों पर होगी कार्रवाई, निर्माताओं ने दी चेतावनी


मुंबई, 08 नवंबर (हि.स.)। रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म 'रामायण' को लेकर निर्माताओं ने सिनेमाघरों में फिल्म की अनधिकृत रिकॉर्डिंग करने और उसके फुटेज इंटरनेट पर शेयर करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।

फिल्म की टीम ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा है कि उनके संज्ञान में ऐसे मामले आए हैं, जिनमें दर्शक सिनेमाघरों में फिल्म के दृश्य रिकॉर्ड कर उन्हें सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर रहे हैं। निर्माताओं ने चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

टीम ने अपने बयान में बंबई उच्च न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि फिल्म की बिना अनुमति रिकॉर्डिंग और उसे शेयर करना प्रतिबंधित है। ऐसा करने वालों के खिलाफ बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के आपराधिक और दीवानी कार्रवाई के साथ अदालत की अवमानना से जुड़ी कार्यवाही भी की जा सकती है। निर्माताओं के मुताबिक, यह कॉपीराइट का उल्लंघन है और कॉपीराइट अधिनियम, 1957, सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952, भारतीय न्याय संहिता, 2023 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत दंडनीय है। टीम ने लोगों से अपील की है कि वे पहले से इंटरनेट पर शेयर किए गए फिल्म के अनधिकृत फुटेज भी हटा दें।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा और यश ने किया है। निर्माताओं ने इसके दूसरे भाग को दिवाली 2028 में रिलीज करने की योजना बनाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774177 Articles

Share this story